हरियाणा की मशहूर डांसर, सिंगर और अभिनेत्री Sapna Choudhary को घरेलू हिंसा मामले में बड़ी राहत मिली है। दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट ने मंगलवार (9 जून) को उन्हें अंतरिम सुरक्षा प्रदान करते हुए उनके पति यशवीर साहू के खिलाफ कई प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं।
द्वारका महिला अदालत ने महिला संरक्षण कानून के तहत आदेश दिया है कि अगली सुनवाई तक यशवीर साहू किसी भी प्रकार से सपना चौधरी से संपर्क नहीं करेंगे। कोर्ट ने उन्हें सपना चौधरी के निवास, कार्यस्थल और सार्वजनिक कार्यक्रमों में जाने से भी प्रतिबंधित कर दिया है।
घरेलू हिंसा के आरोपों पर कोर्ट ने लिया संज्ञान
यह आदेश न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी निधि सिंह द्वारा सपना चौधरी की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई के बाद दिया गया। याचिका में दावा किया गया कि उन्हें वैवाहिक जीवन के दौरान घरेलू हिंसा का सामना करना पड़ा और भविष्य में ऐसी घटनाओं के दोहराए जाने की आशंका बनी हुई है।
याचिका के अनुसार, पारिवारिक विवादों के कारण सपना चौधरी को अपना ससुराल छोड़ना पड़ा और वह वर्तमान में दिल्ली के नजफगढ़ स्थित अपने मायके में रह रही हैं।
फिल्म प्रीमियर को लेकर जताई गई सुरक्षा चिंता
सुनवाई के दौरान सपना चौधरी की ओर से अधिवक्ता प्रीति सिंह ने अदालत को बताया कि 10 जून को उनकी आगामी फिल्म ‘मोमाकू’ का प्रीमियर आयोजित होना है। ऐसे में आशंका थी कि उनके पति कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर विवाद, धमकी या व्यवधान उत्पन्न कर सकते हैं।
वकील ने अदालत से कहा कि इससे अभिनेत्री की सुरक्षा के साथ-साथ उनके पेशेवर कार्यों पर भी असर पड़ सकता है।
कोर्ट में पेश किए गए फोटो और ऑडियो सबूत
मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने रिकॉर्ड में उपलब्ध दस्तावेजों, कथित चोटों की तस्वीरों और ऑडियो रिकॉर्डिंग सहित विभिन्न साक्ष्यों का अवलोकन किया। प्रारंभिक स्तर पर प्रस्तुत सामग्री को देखते हुए अदालत ने मामले को गंभीर मानते हुए अंतरिम सुरक्षा आदेश जारी किया।
25 जुलाई को होगी अगली सुनवाई
कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 25 जुलाई की तारीख निर्धारित की है। तब तक अंतरिम सुरक्षा आदेश प्रभावी रहेगा और पति यशवीर साहू को अदालत के निर्देशों का पालन करना होगा।
यह मामला अब कानूनी प्रक्रिया के अगले चरण में प्रवेश कर चुका है, जहां दोनों पक्षों की दलीलों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel