उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में अवैध धर्मांतरण के एक बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। देहात कोतवाली पुलिस ने खरहरा गाँव स्थित एक चर्च में छापेमारी कर प्रलोभन देकर हिंदू परिवारों का ईसाई धर्म में धर्मांतरण कराने के आरोप में 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में चर्च का पादरी भोलानाथ पटेल और उसकी पत्नी माया पटेल भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों में तीन पुरुष और आठ महिलाएँ शामिल हैं। उनके पास से चार बाइबल, 10 कॉपी-किताबें, तीन स्मार्ट मोबाइल फोन और एक की-पैड मोबाइल फोन बरामद किया गया है। सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। एक महिला आरोपी पहले छापेमारी के दौरान फरार हो गई थी, लेकिन बाद में उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे कुल गिरफ्तार लोगों की संख्या 11 हो गई।
यह कार्रवाई रविवार, 14 दिसंबर 2025 को कुरकुठिया गाँव निवासी आनंद दुबे की तहरीर पर की गई। आनंद दुबे ने पुलिस को बताया कि पादरी भोलानाथ पटेल ने उन्हें आर्थिक मदद, बच्चों की पढ़ाई और इलाज की सुविधाओं का लालच देकर चर्च बुलाया था। वहाँ उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया, लेकिन वह किसी तरह वहाँ से निकलकर पुलिस तक पहुँच गए।

तहरीर में पादरी समेत 11 लोगों के नाम दर्ज थे, जिन पर प्रार्थना सभा की आड़ में गरीब और कमजोर लोगों को फँसाकर धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की।
15 दिसंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चर्च में छापेमारी की। उस समय चर्च में लगभग 30 से 40 लोग मौजूद थे और कथित तौर पर धर्मांतरण की गतिविधियाँ चल रही थीं। मौके से भोलानाथ पटेल (गाजीपुर), माया पटेल, कृष्णकांत तिवारी (बढ़ौली), अंगनू प्रसाद (लेढ़ू), फूलपत्ती (जसोहर पहाड़ी), सुशीला देवी (किरतार तारा), हीरावती देवी, रेनू, लक्ष्मी और साधना (विश्वनाथपुर) को गिरफ्तार किया गया। निशा देवी उस समय फरार हो गई थी, लेकिन बाद में उसे भी पकड़ लिया गया।
इस मामले पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने बताया कि धर्म परिवर्तन के कार्य में संलिप्त लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपित लोगों पर प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप है और उनके पास से धार्मिक पुस्तकें और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel