हांगकांग में बुधवार (26 नवंबर 2025) की रात ताई पो जिले के वांग फुक कोर्ट आवासीय कॉम्प्लेक्स में लगी भीषण आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कॉम्प्लेक्स की 8 में से 7 इमारतें आग की चपेट में आ गईं। इस हादसे में अब तक 44 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 250 से अधिक लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
फायर ब्रिगेड, पुलिस और पैरामेडिक्स की टीम रातभर रेस्क्यू में जुटी रही, लेकिन गुरुवार (27 नवंबर 2025) की सुबह तक भी आग को पूरी तरह बुझाया नहीं जा सका था। राहतकर्मियों के अनुसार, आग की तीव्रता और धुएँ की मात्रा के कारण बचाव अभियान अत्यंत चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है।
#WATCH चीन | हांगकांग में कल एक रेजिडेंशियल अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में लगी आग के बाद फायरफाइटिंग ऑपरेशन चल रहा है और अभी भी लाशें निकाली जा रही हैं। इस आग में 44 लोगों की मौत हो गई, जबकि 300 लोग अभी भी लापता हैं।
पुलिस के मुताबिक, आग शायद मेंटेनेंस के काम के दौरान इस्तेमाल किए… pic.twitter.com/bctXci0zmm
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 27, 2025
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 32 मंजिला इमारत की बाहरी स्कैफोल्डिंग से आग शुरू हुई और तेज हवाओं के कारण तेजी से दूसरी इमारतों में फैलती चली गई। बाहरी दीवारों में इस्तेमाल ज्वलनशील सामग्री और हर फ्लोर पर मौजूद स्टायरोफोम ने आग को और भड़काया। पुलिस ने इस मामले में गंभीर लापरवाही के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक इंजीनियरिंग सलाहकार और दो कंपनी डायरेक्टर शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि इनके खिलाफ गैर-इरादतन हत्या के मामले दर्ज किए जा सकते हैं।
घटना में 62 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई लोग झुलसने और धुएँ के कारण साँस लेने में दिक्कत की शिकायत कर रहे हैं। करीब 900 लोगों को तुरंत अस्थायी आश्रय स्थलों में शिफ्ट किया गया है। राहत कार्य में सैकड़ों फायरफाइटर्स, कई मेडिकल टीमों और दर्जनों लैडर ट्रकों को लगाया गया है। बचाव दल का कहना है कि इमारतों के बाहरी हिस्से पर लगी बांस की स्कैफोल्डिंग से उठती लपटें और घना धुआँ रेस्क्यू ऑपरेशन को बेहद मुश्किल बना रहा है।
इस हादसे पर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। हांगकांग के चीफ एग्जीक्यूटिव जॉन ली ने कहा है कि सरकार इस घटना को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ देख रही है। उन्होंने 7 दिसंबर 2025 को होने वाले लेजिस्लेटिव चुनाव के लिए चल रहे सभी आधिकारिक प्रचार अभियानों को तत्काल प्रभाव से रोक दिया है। चुनाव टालने पर अंतिम फैसला जल्द लिया जाएगा।
ध्यान देने की बात है कि 1980 के दशक में बने इस आवासीय कॉम्प्लेक्स में करीब 2 हजार अपार्टमेंट हैं और लगभग 4,800 लोग रहते हैं। आग बुझाने और मलबे में फँसे या लापता लोगों की खोज पूरी करने में अभी और समय लग सकता है। इस हादसे को हाल के दशकों में हांगकांग में लगी सबसे भीषण आग माना जा रहा है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel