राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बिजोलिया थाना इलाके में जंगल में मात्र 15 दिन का एक नवजात शिशु लावारिस हालत में मिला। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि बच्चे के होंठ फेवीक्विक से चिपकाए गए थे और उसके मुँह में एक पत्थर ठूँस दिया गया था। ऐसा संभवतः इसलिए किया गया ताकि बच्चा रो न सके और उसकी आवाज बाहर न आए।
इसके बावजूद, तमाम खतरनाक कोशिशों के बाद भी मासूम की जान बच गई। जानकारी के अनुसार, एक पशुपालक ने जंगल में बच्चे को देखा और तुरंत उसके मुँह से पत्थर निकाला। इसके बाद उसने बच्चे को इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चे की हालत अब स्थिर है और वह सुरक्षित है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की जाँच शुरू कर दी। पुलिस अब बच्चे के माता-पिता का पता लगाने की कोशिश कर रही है। इसके लिए आसपास के अस्पतालों में हाल में हुई डिलीवरी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है। साथ ही, गाँव वालों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि इस अमानवीय कृत्य के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel