भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चार राज्यों—जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा और तेलंगाना—में होने वाले विधानसभा उपचुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने कुल पांच सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित किए हैं। इस सूची की सबसे बड़ी चर्चा झारखंड के घाटशिला (अनुसूचित जनजाति) निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन को लेकर है, जो झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के बेटे हैं। बाबूलाल सोरेन ने पिछली विधानसभा चुनाव में भी भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। अब भाजपा ने उन्हें दोबारा मैदान में उतारकर झारखंड की राजनीतिक पृष्ठभूमि में एक मजबूत संदेश दिया है कि पार्टी आदिवासी समुदाय के भीतर अपनी पकड़ को और मजबूत करना चाहती है।
जम्मू-कश्मीर में दो सीटों पर उपचुनाव होना है—बडगाम (निर्वाचन क्षेत्र 27) और नगरोटा (निर्वाचन क्षेत्र 77)। भाजपा ने बडगाम सीट से आगा सैयद मोहसिन को और नगरोटा सीट से देवयानी राणा को उम्मीदवार बनाया है। ये दोनों नेता जल्द ही अपना नामांकन दाखिल करेंगे। बडगाम सीट उमर अब्दुल्ला के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी, क्योंकि उन्होंने गंदेरबल सीट अपने पास रखने का निर्णय लिया था। नगरोटा सीट पर उपचुनाव भाजपा विधायक देवेंद्र सिंह राणा के निधन के बाद हो रहा है। राणा ने 2024 के विधानसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार जोगिंदर सिंह को 30,472 मतों से हराकर यह सीट जीती थी।
भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने विभिन्न राज्यों में होने वाले विधानसभा उप-चुनाव 2025 हेतु निम्नलिखित नामों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है। pic.twitter.com/X8RTinCgZn
— BJP (@BJP4India) October 15, 2025
झारखंड में घाटशिला सीट का उपचुनाव 11 नवंबर को होना है। यह सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री रामदास सोरेन के निधन के बाद रिक्त हुई थी। रामदास सोरेन हेमंत सोरेन सरकार में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री थे। 2024 के चुनाव में उन्होंने भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन को 22,446 मतों से पराजित किया था। घाटशिला सीट अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लिए आरक्षित है और 2009 व 2019 में भी रामदास सोरेन ने इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। इस बार भाजपा उम्मीद कर रही है कि बाबूलाल सोरेन अपने पारिवारिक प्रभाव और राजनीतिक अनुभव के बल पर पार्टी के लिए यह सीट जीत सकेंगे।
ओडिशा में भाजपा ने नुआपाड़ा (निर्वाचन क्षेत्र 71) से जय ढोलकिया को उम्मीदवार बनाया है, जबकि तेलंगाना की जुबली हिल्स (निर्वाचन क्षेत्र 61) सीट से लंकाला दीपक रेड्डी को मैदान में उतारा गया है। भाजपा की रणनीति इन दोनों राज्यों में क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों को साधने पर केंद्रित है, ताकि स्थानीय नेतृत्व के साथ संगठनात्मक पकड़ मजबूत की जा सके।
चुनाव आयोग के मुताबिक, इन चारों राज्यों की पांचों सीटों पर मतदान 11 नवंबर को होगा और मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। भाजपा की इस घोषणा के बाद अब विपक्षी दलों पर उम्मीदवारों की सूची जारी करने का दबाव बढ़ गया है। भाजपा ने इन उपचुनावों को आगामी 2025 के विधानसभा चुनावों के पूर्व एक महत्वपूर्ण राजनीतिक परीक्षा के रूप में देखा है, जहां पार्टी अपने संगठनात्मक बल, नए चेहरों और रणनीतिक संतुलन का प्रदर्शन करना चाहती है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel