जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री Farooq Abdullah पर जम्मू में एक शादी समारोह के दौरान जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई। यह घटना ग्रेटर कैलाश इलाके के रॉयल पार्क में हुई, जहां वे एक समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। हमलावर ने बेहद करीब से पिस्तौल तानकर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
भीड़ में से आया हमलावर, कनपटी पर तानी पिस्तौल
जानकारी के अनुसार, Farooq Abdullah जम्मू-कश्मीर के डिप्टी सीएम Surinder Choudhary के साथ शादी समारोह में पहुंचे थे। जैसे ही वे कार्यक्रम से बाहर निकल रहे थे, तभी भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति पीछे से आया और उनकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी। उसने पॉइंट-ब्लैंक रेंज से फायर करने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसका हाथ झटक दिया, जिससे गोली लक्ष्य से चूक गई।
20 साल से मौके की तलाश में था आरोपी
पुलिस ने आरोपी की पहचान कमल सिंह जम्वाल (65 वर्ष) निवासी पुरानी मंडी, जम्मू के रूप में की है। पूछताछ में उसने चौंकाने वाला दावा किया कि वह पिछले 20 साल से Farooq Abdullah को मारने का मौका तलाश रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के पास लाइसेंसी पिस्तौल थी और घटना के समय वह कथित तौर पर नशे में भी था। पुलिस ने हथियार बरामद कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि इसके पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी को पीछे से आते और पिस्तौल तानते हुए देखा जा सकता है। इसी दौरान NSG और जम्मू-कश्मीर पुलिस के कमांडो तुरंत हरकत में आए और हमलावर को दबोच लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी उसे पकड़ने में मदद की।
सुरक्षा चूक पर उठे सवाल
Allah is kind. My father had a very close shave. The details are sketchy at the moment but what is known is that a man with a loaded pistol was able to get within point blank range & discharge a shot. It was only the close protection team that deflected the shot & ensured that… https://t.co/hYBe64Eigl
— Omar Abdullah (@OmarAbdullah) March 11, 2026
हमले के बाद Omar Abdullah ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा,
“अल्लाह मेहरबान है, मेरे पिता बाल-बाल बच गए। फिलहाल कई सवाल हैं, जिनमें सबसे बड़ा सवाल यह है कि एनएसजी सुरक्षा के बावजूद कोई व्यक्ति इतने करीब कैसे पहुंच गया।”
उन्होंने इस मामले में उच्च-स्तरीय जांच की मांग की है।
डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी को भी आई हल्की चोट
घटना के दौरान Surinder Choudhary को भी हल्की चोट आई, जिन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया। दोनों नेता कुछ ही क्षणों के अंतर से बड़ी घटना से बच गए।
पुलिस कर रही जांच
जम्मू पुलिस के मुताबिक यह घटना ग्रेटर कैलाश के रॉयल पार्क में आयोजित शादी समारोह के दौरान हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। सुरक्षा एजेंसियां उसके बैकग्राउंड, संपर्कों और मानसिक स्थिति की भी जांच कर रही हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel