भारत सरकार देश की तीनों सेनाओं—थल, वायु और नौसेना—के ढांचे में ऐतिहासिक बदलाव करने जा रही है। इस बड़े रक्षा सुधार के तहत अब तीनों सेनाएं संयुक्त रूप से थिएटर कमांड सिस्टम के तहत काम करेंगी, जिससे युद्ध के समय बेहतर तालमेल और तेज कार्रवाई संभव हो सकेगी।
नई व्यवस्था के तहत पाकिस्तान से निपटने के लिए वेस्टर्न थिएटर कमान, चीन के लिए नॉर्दर्न थिएटर कमान और हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा के लिए मैरीटाइम थिएटर कमान बनाई जाएगी। यह पूरी योजना चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान की अगुवाई में डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स द्वारा तैयार की गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस ब्लूप्रिंट को जल्द ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को भेजा जाएगा, जिसके बाद कैबिनेट कमेटी की मंजूरी ली जाएगी। साथ ही CDS के पद के साथ वाइस CDS का नया पद भी सृजित किया जाएगा।
नए सैन्य ढांचे में 5 फोर-स्टार जनरल होंगे—CDS, तीनों सेना प्रमुख और वाइस CDS। वेस्टर्न कमान का मुख्यालय जयपुर और नॉर्दर्न कमान का मुख्यालय लखनऊ में होगा। वेस्टर्न कमान की जिम्मेदारी वायुसेना, नॉर्दर्न कमान की थल सेना और मैरीटाइम कमान की जिम्मेदारी नौसेना को सौंपी जाएगी।
इसके अलावा, सरकार स्पेस और साइबर कमांड के गठन पर भी काम कर रही है। डिफेंस जियोस्पेशियल एजेंसी, ड्रोन फोर्स और कॉग्नेटिव वॉरफेयर यूनिट जैसी नई क्षमताएं भी विकसित की जाएंगी, जो आधुनिक युद्ध में अहम भूमिका निभाएंगी।
पिछले एक दशक में चीन और पाकिस्तान के साथ हुए टकरावों—जैसे 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक, 2019 का बालाकोट एयर स्ट्राइक, 2020 का गलवान संघर्ष और 2017 का डोकलाम विवाद—से मिले अनुभवों के आधार पर यह नया सैन्य ढांचा तैयार किया गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह 1947 के बाद भारत का सबसे बड़ा सैन्य सुधार होगा, जिससे भारतीय सेना की युद्ध क्षमता और रणनीतिक मजबूती कई गुना बढ़ जाएगी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel