विदेश मंत्रालय की ओर से सभी भगोड़ों को कानून के दायरे में लाने के लिए कड़े कदम उठाने की बात कहे जाने के कुछ दिनों बाद आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने अपनी हालिया सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर माफी मांगी है। सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ललित मोदी ने सफाई देते हुए कहा कि उनका किसी को, खासकर भारतीय सरकार को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था, जिसके प्रति वे बहुत सम्मान रखते हैं।
ललित मोदी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उनकी पिछली टिप्पणियों को गलत समझा गया और यदि इससे किसी की भावनाएं आहत हुई हों तो वह एक बार फिर माफी मांगते हैं। उनकी इस माफी के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई और कई यूजर्स ने तीखे कमेंट किए।
I apologise if I have hurt anyone feelings especially the Indian Government who I have the highest respect and regard for. The statement was misconstrued and was never intended to be as played out. Once again my deepest apologies
— Lalit Kumar Modi (@LalitKModi) December 29, 2025
एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “भारत आओ और सामने से कहो। जब आपको कानून की इतनी इज्ज़त है, तो इंडियन कोर्ट से लाइव ब्रॉडकास्ट क्यों नहीं करते? TRP तो 2008 के IPL फाइनल से भी ज़्यादा होगी।” वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, “हर गलती की कीमत चुकानी पड़ती है।”
दरअसल, कुछ दिन पहले ललित मोदी और विजय माल्या का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। यह वीडियो विजय माल्या के जन्मदिन के मौके पर बनाया गया था, जिसमें दोनों को “भारत के दो सबसे बड़े भगोड़े” के तौर पर दिखाया गया था। खुद ललित मोदी ने इस वीडियो को शेयर किया था।
वीडियो के साथ दिए गए कैप्शन में ललित मोदी ने लिखा था, “चलिए कुछ ऐसा करते हैं, जिससे इंटरनेट पर फिर से तहलका मच जाए। मेरे दोस्त विजय माल्या को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। लव यू।” इसी पोस्ट को लेकर बाद में विवाद खड़ा हो गया।
इस वीडियो के वायरल होने के बाद विदेश मंत्रालय ने एक बार फिर उन लोगों को लेकर भारत का रुख स्पष्ट किया, जिन पर देश में आरोप हैं लेकिन वे विदेश में रह रहे हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नई दिल्ली में साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान कहा कि भारत कानून के जरिए वांछित और फरार व्यक्तियों की वापसी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि इन व्यक्तियों की प्रत्यर्पण प्रक्रिया के तहत कई देशों की सरकारों के साथ बातचीत जारी है और आवश्यक प्रक्रियाएं आगे बढ़ाई जा रही हैं। विदेश मंत्रालय के इस बयान के बाद ही ललित मोदी की माफी को काफी अहम माना जा रहा है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel