लोकसभा में आज ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर मैराथन बहस
संसद के मानसून सत्र में आज लोकसभा में एक अहम और ऐतिहासिक बहस होने जा रही है। पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत द्वारा की गई सैन्य कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर 16 घंटे लंबी चर्चा निर्धारित की गई है। इस मैराथन बहस की शुरुआत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे, जिनका साथ देने के लिए गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता भी सदन में मौजूद रहेंगे।
वहीं, विपक्ष की ओर से कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और अन्य दिग्गज नेता सरकार से तीखे सवाल पूछने की तैयारी में हैं। कांग्रेस ने अपने सभी लोकसभा सांसदों को अगले तीन दिनों तक सदन में उपस्थित रहने का व्हिप जारी किया है।
Monsoon Session: Rajnath Singh to address Lok Sabha at noon today
Read @ANI Story | https://t.co/OtvLP2famf#monsoonsession #Parliament #rajnathsingh #LokSabha pic.twitter.com/yKAotO0uVd
— ANI Digital (@ani_digital) July 28, 2025
क्या है चर्चा का एजेंडा?
लोकसभा सचिवालय के मुताबिक, आज की कार्यसूची में “पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत के सशक्त, सफल और निर्णायक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर विशेष चर्चा” को प्रमुखता से शामिल किया गया है। इस पर 16 घंटे लोकसभा में और 9 घंटे राज्यसभा में मंगलवार को बहस होगी।
सरकार की रणनीति
राजनाथ सिंह के नेतृत्व में सरकार ऑपरेशन की सफलता और इससे जुड़े कूटनीतिक व सैन्य पहलुओं को सदन में रखेगी। अमित शाह आंतरिक सुरक्षा से जुड़ी रणनीति पर बोलेंगे, जबकि एस. जयशंकर इस ऑपरेशन के अंतरराष्ट्रीय प्रभावों पर प्रकाश डालेंगे। भाजपा के सांसद अनुराग ठाकुर और निशिकांत दुबे भी चर्चा में भाग लेंगे।
विपक्ष का हमला
विपक्ष, विशेष रूप से राहुल गांधी और अखिलेश यादव, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत-पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता संबंधी दावों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति में है। इसके अलावा, पहले दिन से ही विपक्ष इस विषय पर बहस की मांग कर रहा था, जिसे अंततः सरकार ने स्वीकार कर लिया।
मायावती की अपील
बसपा प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया पर सभी दलों से अपील की है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर बहस दलगत राजनीति से ऊपर उठकर होनी चाहिए। उन्होंने कहा, “आगे महिलाओं का सिंदूर ना उजड़े और किसी माँ को अपना बेटा ना खोना पड़े, इसके लिए सरकार और विपक्ष को मिलकर ठोस रणनीति बनानी चाहिए।”