ई-बसों में सफर अब हुआ सस्ता, मोबाइल से टिकट लेने पर मिलेगा 5% डिस्काउंट
जम्मू के नागरिकों के लिए एक राहत भरी खबर है। अब जम्मू स्मार्ट सिटी की ई-बसों में सफर करने पर मोबाइल या डिजिटल भुगतान करने वाले यात्रियों को 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी। यह सुविधा 20 जून 2025 से लागू कर दी गई है। पहले यह छूट सिर्फ कार्ड से भुगतान पर मिलती थी, लेकिन अब यूपीआई, क्यूआर कोड स्कैन या चलो ऐप के ज़रिए टिकट लेने पर भी यात्री इसका लाभ उठा सकते हैं।
यह नई व्यवस्था न केवल यात्रियों के लिए किफायती साबित होगी, बल्कि बस सेवा में पारदर्शिता और डिजिटल ट्रैकिंग को भी बढ़ावा देगी। नकद भुगतान करने वालों को हालांकि कोई छूट नहीं दी जाएगी।
गौरतलब है कि जम्मू स्मार्ट सिटी की इन ई-बसों को 25 जनवरी 2024 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरी झंडी दिखाई थी। फिलहाल, जम्मू संभाग में 95 ई-बसें रोजाना सड़कों पर दौड़ रही हैं और 5 बसों को रिजर्व में रखा गया है। रोजाना करीब 25 हजार यात्री इन बसों से यात्रा कर रहे हैं।
इससे पहले महिलाओं के लिए इन ई-बसों में यात्रा पूरी तरह निःशुल्क कर दी गई थी। चलो ऐप के ज़रिए यात्री न केवल टिकट बुक कर सकते हैं, बल्कि बस की लाइव ट्रैकिंग भी कर सकते हैं जिससे उन्हें इंतज़ार नहीं करना पड़ता।
आने वाले समय में जम्मू में 100 और ई-बसें उतारने की योजना है, जिससे शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और अधिक स्मार्ट और पर्यावरणअनुकूल हो सकेगी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel