प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर हैं, जहां उन्होंने जनता को कई बड़ी विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरे में प्रधानमंत्री ने 2,183.45 करोड़ रुपये की 52 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। सेवापुरी के बनौली गांव में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कई मुद्दों पर विपक्ष को घेरा और पाकिस्तान को भी कड़ा संदेश दिया।
पाकिस्तान को चेतावनी:
पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए पाकिस्तान को दो टूक कहा कि “अगर फिर पाकिस्तान ने कोई पाप किया, तो उत्तर प्रदेश में बनी मिसाइलें उसे तबाह कर देंगी।” उन्होंने कहा कि “भारत पर जो वार करेगा, वो पाताल में भी नहीं बचेगा।” इस बयान के जरिए प्रधानमंत्री ने यह स्पष्ट कर दिया कि देश की सुरक्षा और आत्मसम्मान से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
विपक्ष पर तीखा हमला:
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को घेरते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता विपक्ष को हज़म नहीं हो रही। उन्होंने आरोप लगाया कि “कांग्रेस और उसके चेले सेना का लगातार अपमान कर रहे हैं।” पीएम मोदी ने जनता से सवाल करते हुए कहा, “क्या सिंदूर कभी तमाशा हो सकता है?” उन्होंने आगे कहा कि आतंकियों के आकाओं के साथ-साथ देश के विपक्षी दल भी रो रहे हैं।
यूपी का बदला स्वरूप:
उत्तर प्रदेश में निवेश को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि “सपा सरकार के समय अपराधियों के डर से निवेशक राज्य में आने से डरते थे, लेकिन अब योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी विकास का गढ़ बन गया है।” उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में अपराधियों को संरक्षण नहीं, कार्रवाई मिलती है।
वैश्विक अर्थव्यवस्था और भारत:
प्रधानमंत्री ने वैश्विक आर्थिक अस्थिरता की चर्चा करते हुए कहा कि “दुनिया भर में आज अस्थिरता का माहौल है, हर देश अपने-अपने हितों पर ध्यान दे रहा है। ऐसे में भारत को भी अपने आर्थिक हितों को लेकर सतर्क और सजग रहना होगा।” उन्होंने आत्मनिर्भर भारत की दिशा में हो रहे प्रयासों को रेखांकित करते हुए कहा कि देश को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना समय की जरूरत है।
वाराणसी में हुए इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वाराणसी यात्रा इस नए भारत की ताकत को दिखाती है, जो अब आतंक के अड्डों को खत्म करने से नहीं हिचकिचाता।”
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel