उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां बेटी के होने वाले पति और अपने दामाद के साथ भागने वाली महिला अब 10 महीने बाद अपने बहनोई के साथ फरार हो गई है। दामाद ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि महिला करीब ₹2 लाख नकद और जेवरात लेकर घर से गायब हुई है।
शादी से पहले दामाद के साथ भागी थी महिला
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 40 वर्षीय सपना देवी अप्रैल 2025 में अपनी बेटी शिवानी की शादी से करीब 12 दिन पहले उसके होने वाले पति और अपने 25 वर्षीय दामाद राहुल के साथ फरार हो गई थी। उस समय महिला के पति ने आरोप लगाया था कि वह घर से नगदी और आभूषण लेकर भागी है।

बताया जाता है कि दोनों बिहार-नेपाल सीमा तक पहुंचे और कुछ समय साथ रहने के बाद मामला बढ़ने पर सरेंडर कर दिया। इसके बाद सपना देवी ने राहुल के साथ रहने की इच्छा जताई और दोनों ने शादी कर ली। वे बिहार के सीतामढ़ी जिले में रहने लगे, जहां राहुल ने कपड़ों का व्यापार शुरू किया।
10 महीने बाद नया विवाद, बहनोई के साथ फरार
अब करीब 10 महीने बाद राहुल ने अलीगढ़ के दादो थाना क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा है कि सपना देवी अपने बहनोई देवेंद्र के साथ फरार हो गई है। राहुल ने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद सपना के व्यवहार में बदलाव आया और उसने उसे जहर देकर मारने की कोशिश की।
पुलिस ने कार्रवाई से किया इनकार
अलीगढ़ पुलिस ने बताया कि घटना का मुख्य स्थान बिहार होने के कारण इस मामले में स्थानीय स्तर पर कार्रवाई संभव नहीं है। संबंधित शिकायत पर उचित क्षेत्राधिकार के अनुसार कार्रवाई की सलाह दी गई है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel