मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर कई बड़े और चौंकाने वाले दावे किए हैं। अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनातनी के चलते स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में जहाजों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
इसी बीच ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान बड़ी संख्या में तेल टैंकर अमेरिका की ओर भेज रहा है। उनके मुताबिक पहले 10 और अब कुल 20 बड़े तेल टैंकर इस मार्ग से गुजरने वाले हैं। ट्रंप ने इसे ईरान की ओर से ‘सम्मान का संकेत’ बताया और कहा कि यह कदम बातचीत की दिशा में सकारात्मक संकेत हो सकता है।
उन्होंने कहा कि ये टैंकर तेल से भरे हुए हैं और आने वाले दिनों में इनकी आवाजाही जारी रह सकती है, जिससे क्षेत्रीय तनाव कम करने की संभावना जताई जा रही है।
खर्ग द्वीप पर नजर, सैन्य कार्रवाई का संकेत
एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने सख्त रुख अपनाते हुए खर्ग द्वीप को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका इस रणनीतिक द्वीप पर कब्जा करने के विकल्प पर विचार कर रहा है, जहाँ से ईरान का लगभग 90% तेल निर्यात होता है।
ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अगर ऐसा कदम उठाया जाता है तो वहाँ लंबे समय तक अमेरिकी सैन्य मौजूदगी रखनी पड़ सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान फिलहाल कमजोर स्थिति में है और उसे अपने परमाणु कार्यक्रम को छोड़ना ही पड़ेगा।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरान ने अमेरिका की शर्तें नहीं मानीं, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
13 मार्च के हमले के बाद बढ़ा तनाव
गौरतलब है कि अमेरिका 13 मार्च 2026 को इस क्षेत्र में हवाई हमला कर चुका है, जिसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है। ट्रंप के इस बयान पर ईरान की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।
इब्राहिम जोलफकारी ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिकी सैनिक क्षेत्र में आते हैं, तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
बातचीत और शर्तों को लेकर दावा
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि युद्ध समाप्त करने के लिए रखी गई 15 शर्तों में से अधिकांश को ईरान ने स्वीकार कर लिया है। उनके अनुसार ये शर्तें पाकिस्तान के जरिए ईरान तक पहुँचाई गई थीं।
हालांकि तेहरान ने अभी तक इन शर्तों को पूरी तरह स्वीकार नहीं किया है। ईरान के विदेश मंत्री पहले ही संकेत दे चुके हैं कि दोनों देशों के बीच मध्यस्थों के जरिए बातचीत जारी है, लेकिन अमेरिका के रुख को लेकर संदेह बना हुआ है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel