कनाडा में पिछले 24 घंटों के दौरान फायरिंग की दो अलग-अलग घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। दोनों घटनाओं की जिम्मेदारी भारतीय मूल के युवकों ने सोशल मीडिया के जरिए ली है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी किसी बड़े गैंग से जुड़े नहीं हैं।
पहली घटना कैलगरी में हुई, जहां एक कारोबारी के घर पर फायरिंग की गई। सोशल मीडिया पर कुलबीर सिंह संधू नाम के व्यक्ति ने इसकी जिम्मेदारी ली और घटना का वीडियो भी साझा किया। उसने दावा किया कि इससे पहले हुई दो अन्य फायरिंग घटनाओं में भी उसका हाथ था।

दूसरी घटना मिसिसॉगा और कैलिडॉन में सामने आई, जहां एक रेस्टोरेंट और ट्रांसपोर्ट से जुड़े ठिकाने पर फायरिंग की गई। इस वारदात की जिम्मेदारी मन्नू ब्रैम्पटन नाम के व्यक्ति ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली, जिसमें धमकी भरे बयान भी शामिल थे।
कनाडाई कानून प्रवर्तन एजेंसियां इन दोनों मामलों की गहन जांच कर रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक, सोशल मीडिया पोस्ट्स की सत्यता, आरोपियों की पृष्ठभूमि और उनके संभावित नेटवर्क की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी बड़े गैंग से जुड़े होने की पुष्टि नहीं हुई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि कुछ युवक तेजी से पैसा कमाने और डर का माहौल बनाने के लिए इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं और नए गैंग खड़े करने की कोशिश कर सकते हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी देने की अपील की है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel