भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका खेल प्रदर्शन नहीं बल्कि डोपिंग नियमों से जुड़ा एक तकनीकी मामला है। इंटरनेशनल टेस्टिंग एजेंसी (ITA) ने उन्हें ‘Whereabouts’ नियम के उल्लंघन को लेकर नोटिस जारी किया है और 7 मई 2026 तक जवाब मांगा है।
एजेंसी के अनुसार, 18 दिसंबर 2025 को एक आउट-ऑफ-कम्पटीशन डोप टेस्ट के लिए अधिकारी तय समय और स्थान पर पहुंचे थे, लेकिन विनेश फोगाट वहां मौजूद नहीं थीं। यह टेस्ट नियमित निगरानी के तहत प्रतियोगिता से बाहर किया जाता है ताकि खिलाड़ियों की निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके। मामले की समीक्षा के बाद 4 मई 2026 को उन्हें आधिकारिक नोटिस भेजा गया।
क्या है ‘Whereabouts’ नियम?
World Anti-Doping Agency और United World Wrestling के नियमों के अनुसार, रजिस्टर्ड टेस्टिंग पूल में शामिल खिलाड़ियों को रोजाना एक तय समय स्लॉट देना होता है, जिसमें वे बिना पूर्व सूचना के डोप टेस्ट के लिए उपलब्ध रहें। इसके साथ ही उन्हें अपनी लोकेशन की जानकारी नियमित रूप से अपडेट करनी होती है।
ITA का कहना है कि विनेश फोगाट इस प्रक्रिया का पालन करने में असफल रहीं। अपनी सफाई में विनेश ने बताया कि उस दिन वह बेंगलुरु से चंडीगढ़ यात्रा कर रही थीं और हरियाणा विधानसभा से जुड़ी बैठक में शामिल होना था। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में माँ बनने के कारण व्यस्तता के चलते लोकेशन अपडेट नहीं हो सकी।
हालांकि, इंटरनेशनल टेस्टिंग एजेंसी उनकी इस दलील से संतुष्ट नहीं हुई।
आगे क्या होगा?
फिलहाल यह विनेश फोगाट की पहली ‘Whereabouts Failure’ है, इसलिए उन्हें चेतावनी दी गई है। नियमों के मुताबिक, यदि 12 महीनों के भीतर तीन बार ऐसी गलती होती है, तो खिलाड़ी को अधिकतम दो साल तक का प्रतिबंध झेलना पड़ सकता है।
गौरतलब है कि विनेश फोगाट इन दिनों कुश्ती में वापसी की तैयारी कर रही हैं। ऐसे में यह मामला उनके करियर के लिए अहम माना जा रहा है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel