केरल की राजनीति इन दिनों बड़े विवाद से घिरी हुई है। कॉन्ग्रेस के निलंबित विधायक राहुल मामकूटाथिल पर पहले से ही बलात्कार, जबरन गर्भपात और धमकी जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज है। अब पार्टी से जुड़ी एक महिला ने उन पर अनुचित मैसेज भेजने का नया आरोप लगाया है। आरोपों के बाद से राहुल मामकूटाथिल फरार हैं और पुलिस ने उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया है, ताकि वे देश छोड़कर न जा सकें। घटनाक्रम ने राज्य की राजनीति में भारी हलचल पैदा कर दी है, खासकर तब जब CPI(M) के राज्य सचिव एम.वी. गोविंदन ने कॉन्ग्रेस पर राहुल को “बचाने” का आरोप लगाया।
राहुल मामकूटाथिल केरल कॉन्ग्रेस के उभरते हुए युवा चेहरे माने जाते थे। वह नवंबर 2024 में पलक्कड़ विधानसभा उपचुनाव जीतकर सदन में पहुँचे थे। इसके पहले वे यूथ कॉन्ग्रेस के राज्य अध्यक्ष थे, लेकिन उनके खिलाफ सामने आए बलात्कार के आरोपों के कारण अगस्त 2025 में उन्हें पद से इस्तीफा देना पड़ा। इसके बाद कई महिलाओं और एक ट्रांसजेंडर व्यक्ति ने भी उन पर यौन शोषण, धमकी और उत्पीड़न के आरोप लगाए, जिसके बाद 25 अगस्त को उनकी कॉन्ग्रेस की प्राथमिक सदस्यता निलंबित कर दी गई।
राहुल के खिलाफ दर्ज FIR में अत्यंत गंभीर और सनसनीखेज आरोपों का उल्लेख है। शिकायत के अनुसार, उन्होंने एक महिला का दो बार दुष्कर्म किया, इसका वीडियो रिकॉर्ड किया और फिर ब्लैकमेल किया। गर्भवती होने पर राहुल के करीबी सहयोगी जोबी जोसेफ पर महिला को गर्भपात की गोलियाँ देने का आरोप है। इसके अलावा, केरल से बाहर रहने वाली 23 वर्षीय महिला ने कांग्रेस हाईकमान को शिकायत भेजी है, जिसमें राहुल पर शादी का झूठा वादा, शारीरिक हमला, और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। वहीं, कांग्रेस नेता एम.ए. शाहनास ने भी उन पर उन्हें अनुचित मैसेज भेजने और ‘ट्रिप’ पर चलने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया। सोशल मीडिया पर राहुल के कथित ऑडियो और चैट वायरल हैं, जिनमें उन्हें गर्भधारण कराने की जिद करते और बाद में गर्भपात का दबाव डालते सुना गया है।
राजनीतिक मोर्चे पर भी मामला गरमा गया है। CPI(M) नेता गोविंदन ने आरोप लगाया कि कॉन्ग्रेस राहुल को गिरफ्तारी से बचाने के लिए उन्हें छिपा रही है। उनका दावा है कि राहुल इतनी आसानी से फरार नहीं रह सकते, अगर पार्टी का संरक्षण न मिला होता। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल ने अपनी अग्रिम जमानत याचिका में जो हलफनामा दिया है, वह उनके अपराध की “स्वीकारोक्ति” जैसा है। हालांकि, कॉन्ग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेताओं—जैसे अडूर प्रकाश और एम.एम. हसन—ने कहा कि मामकूटाथिल को विधानसभा सत्र में शामिल होने का अधिकार है और पार्टी उन्हें रोक नहीं सकती। साथ ही उन्होंने CPI(M) पर राजनीतिक लाभ के लिए इस विवाद को उछालने का आरोप लगाया।
पुलिस ने विधायक की तलाश तेज कर दी है, लेकिन वह अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। उनके साथी जोबी जोसेफ का मोबाइल भी बंद है। दूसरी ओर, राहुल मामकूटाथिल ने फेसबुक पर बयान दिया कि वे निर्दोष हैं और कानून के जरिए अपनी बेगुनाही साबित करेंगे। कॉन्ग्रेस नेतृत्व फिलहाल “उचित समय पर” आगे की कार्रवाई की बात कर रहा है, जबकि पार्टी के भीतर कई वरिष्ठ नेता राहुल को तत्काल निष्कासित करने की मांग कर रहे हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel