उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के सेवापुरी क्षेत्र के बाराडीह भूसौला गाँव में 11 लोगों द्वारा सनातन धर्म अपनाने का मामला सामने आया है। इस कार्यक्रम में तीन परिवारों के सदस्य शामिल थे, जिन्होंने वैदिक रीति-रिवाजों के साथ धार्मिक अनुष्ठान कर धर्म परिवर्तन किया।
जानकारी के अनुसार, भूसौला पेट्रोल पंप के पास आयोजित इस कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन कराया गया। आचार्यों द्वारा सभी प्रतिभागियों का शुद्धिकरण संस्कार कराया गया, जिसके बाद उन्हें तिलक लगाकर और कलावा बाँधकर सनातन परंपरा में शामिल किया गया।
बताया जा रहा है कि ये परिवार नट बिरादरी से संबंधित हैं। परिवारों के सदस्यों का कहना है कि वे कई पीढ़ियों पहले अपनी मूल परंपरा से अलग हो गए थे। उन्होंने यह भी बताया कि वे लंबे समय से भगवान शिव के नटराज स्वरूप के उपासक रहे हैं।
धर्म परिवर्तन करने वाले परिवारों में सफी नट, मुख्तार और वकील के परिवार शामिल बताए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपनी इच्छा से नए नाम भी अपनाए। प्रतिभागियों ने कहा कि अपनी पारंपरिक आस्था में लौटकर उन्हें गर्व और संतोष महसूस हो रहा है।
हालांकि, इस तरह के आयोजनों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर पुष्टि और निगरानी को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय स्तर पर यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel