भारत अब केवल एक तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था ही नहीं, बल्कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भी वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। इसी दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए गूगल और अदाणी एंटरप्राइजेज ने मिलकर आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में भारत का सबसे बड़ा AI डेटा सेंटर परिसर विकसित करने की घोषणा की है। यह परियोजना अदाणी एंटरप्राइजेज की संयुक्त उद्यम कंपनी अदाणी कॉनेक्स (AdaniConneX) के माध्यम से पूरी की जाएगी। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य ग्रीन एनर्जी आधारित विश्व-स्तरीय AI इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार करना है।
इस परियोजना के तहत, गूगल विशाखापत्तनम में अपने AI हब के लिए लगभग 15 अरब डॉलर (करीब ₹1.25 लाख करोड़) का निवेश अगले पाँच वर्षों (2026-2030) में करेगा। यह विशाल निवेश गीगावॉट-स्तर के डेटा सेंटर संचालन, अत्याधुनिक सब-सी केबल नेटवर्क और क्लीन एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर केंद्रित होगा, जिससे भारत के बढ़ते एआई वर्कलोड को सक्षम रूप से संभाला जा सके। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को अदाणी कॉनेक्स और एयरटेल जैसे भागीदारों के सहयोग से मूर्त रूप दिया जाएगा।
A monumental day for India!
Adani is proud to partner with @Google to build India’s largest AI data centre campus – in Visakhapatnam – engineered specifically for the demands of artificial intelligence.
This facility will house the TPU and GPU-based compute power required for… pic.twitter.com/leypKgPTAb
— Gautam Adani (@gautam_adani) October 14, 2025
यह साझेदारी भारत को AI डेटा सेंटर हब बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी। गूगल एआई हब देश में उच्च-स्तरीय कंप्यूटिंग क्षमता जोड़ेगा और भारत की AI तकनीकी क्षमताओं को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। दोनों कंपनियों ने घोषणा की है कि वे आंध्र प्रदेश में नई ट्रांसमिशन लाइनों, स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन संयंत्रों और अत्याधुनिक ऊर्जा भंडारण प्रणालियों में संयुक्त निवेश करेंगी। इससे न केवल डेटा सेंटर को क्लीन एनर्जी से संचालित किया जाएगा, बल्कि भारत के राष्ट्रीय बिजली ग्रिड की क्षमता भी मजबूत होगी, जिससे स्थायी ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।
इस अवसर पर अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा, “अदाणी समूह को इस ऐतिहासिक परियोजना पर गूगल के साथ साझेदारी करने पर गर्व है। यह सिर्फ इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश नहीं, बल्कि भारत के डिजिटल भविष्य में निवेश है। विशाखापत्तनम अब प्रौद्योगिकी के वैश्विक केंद्र के रूप में उभरने जा रहा है, और हमें इस ऐतिहासिक यात्रा का हिस्सा बनकर गर्व है।”
इस परियोजना से न केवल आंध्र प्रदेश में हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे, बल्कि यह पूरे देश में डिजिटल समावेशन और आर्थिक विकास के लिए एक शक्तिशाली इंजन साबित होगी। गूगल और अदाणी की यह भागीदारी भारत के डिजिटल बुनियादी ढांचे को नई दिशा देगी, जिससे देश को वैश्विक AI और क्लाउड इकोसिस्टम में अग्रणी स्थान हासिल करने में मदद मिलेगी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel