मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से बीच बाजार में अश्लील छेड़खानी
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र स्थित गोडहरा बाजार में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती के साथ सरेआम अश्लील छेड़खानी की गई। यह शर्मनाक घटना मंगलवार को हुई, लेकिन इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी युवक को गिरफ्तार किया गया।
वीडियो में साफ देखा गया कि भारी भीड़ के बीच एक युवक ने युवती को जमीन पर गिरा दिया, उसके साथ ‘बैड टच’ किया और अश्लील हरकतें कीं। युवती खुद को लगातार बचाने की कोशिश करती रही, लेकिन थककर रोने लगी। तब जाकर कुछ स्थानीय लोग आगे बढ़े और आरोपी को पीटकर वहां से भगाया। अफसोस की बात यह रही कि घटनास्थल पर मौजूद अधिकांश लोग मूकदर्शक बने रहे।
युवती की मानसिक स्थिति कोविड काल के बाद से अस्थिर बताई जा रही है। आरोपी की पहचान जौनपुर जिले के देवकलापुर निवासी के रूप में हुई है।
हालांकि घटना के दो दिन बाद तक न कोई प्राथमिकी दर्ज हुई थी, न गिरफ्तारी, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे। लेकिन जैसे ही वीडियो वायरल हुआ, पुलिस ने संज्ञान लिया और थाना प्रभारी संजय सिंह के अनुसार, आरोपी को अब गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह घटना एक बार फिर सवाल उठाती है कि भीड़ में मौजूद लोग और स्थानीय प्रशासन इस तरह की घटनाओं पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं करते।