मेरठ मेट्रो का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। 22 फरवरी को मेरठ मेट्रो का उद्घाटन होने वाला है, जिसे देश की सबसे तेज रफ्तार वाली मेट्रो सेवा माना जा रहा है। इसकी अधिकतम गति 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक होगी, जो इसे सुपरफास्ट ट्रेन जैसी गति प्रदान करेगी।
21 किलोमीटर के कॉरिडोर में चलेगी मेट्रो
मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 12 स्टेशनों के बीच करीब 21 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर मेरठ मेट्रो संचालित होगी। सभी स्टेशनों पर ठहराव के बावजूद यह मेट्रो यात्रियों को करीब 30 मिनट में गंतव्य तक पहुंचाएगी, जिससे शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या में कमी आने की उम्मीद है।
नमो भारत (रैपिड रेल) के साथ इंटीग्रेटेड मॉडल
मेरठ मेट्रो के साथ ही नमो भारत ट्रेन (रैपिड रेल) के बाकी हिस्से का भी उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद मेरठ साउथ से दिल्ली के सराय काले खां तक नमो भारत ट्रेन चलेगी। दोनों सेवाएं एक ही ट्रैक पर आधारित इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट मॉडल के तहत संचालित होंगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी मेरठ मेट्रो
अधिकारियों के अनुसार, मेरठ मेट्रो में स्टेनलेस स्टील कोच लगाए गए हैं, जो हल्के और आधुनिक डिजाइन वाले होंगे। तीन कोच वाली इस ट्रेन में ऊर्जा बचाने वाला सिस्टम और अत्याधुनिक ब्रेकिंग तकनीक होगी।
मुख्य सुविधाएं:
-
ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन और ऑटोमैटिक ट्रेन ऑपरेशन तकनीक
-
एसी कोच के साथ 700 यात्रियों की क्षमता
-
173 सीटों की व्यवस्था
-
आरामदायक गद्देदार सीटें और सामान रखने के रैक
-
यूएसबी चार्जिंग पोर्ट
-
महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के लिए आरक्षित सीटें
सुरक्षा और एक्सेसिबिलिटी पर विशेष ध्यान
यात्रियों की सुरक्षा के लिए ट्रेन और स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर, लिफ्ट, व्हीलचेयर स्पेस और स्ट्रेचर जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
यूपी का पांचवां मेट्रो शहर बनेगा मेरठ
मेरठ उत्तर प्रदेश का पांचवां शहर होगा, जहां मेट्रो सेवा शुरू होगी। इससे पहले दिल्ली एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन लगभग 110 किमी/घंटा की स्पीड के साथ देश की सबसे तेज मेट्रो कॉरिडोर मानी जाती रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel