राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु गुरुवार को उत्तराखंड पहुंचीं, जहां जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं राष्ट्रपति का स्वागत एवं अभिनंदन किया। राष्ट्रपति इसके बाद अपने देहरादून स्थित निवास “राष्ट्रपति निकेतन” के लिए रवाना हो गईं। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक और राजनीतिक हस्तियों ने भी राष्ट्रपति का स्वागत किया।
राष्ट्रपति मुर्मू का देहरादून में तीन दिवसीय प्रवास निर्धारित है, जिसके दौरान वे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेंगी। इस प्रवास का सबसे अहम पहलू है “राष्ट्रपति निकेतन” को आम जनता के लिए खोलने की आधिकारिक घोषणा। राष्ट्रपति निकेतन, पूर्व में “राष्ट्रपति आशियाना” के नाम से जाना जाने वाला आवास है, जो अब जनता के लिए खुलने जा रहा है। यह ऐतिहासिक आवास 186 वर्ष पुराना है और 21 एकड़ में फैला है। अभी तक इस परिसर का उपयोग राष्ट्रपति अंगरक्षक (PBG – प्रेसिडेंट्स बॉडीगार्ड) द्वारा किया जाता रहा है।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर आदरणीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी का देवभूमि उत्तराखण्ड आगमन पर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।@rashtrapatibhvn pic.twitter.com/e0FqqwxJ1t
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) June 19, 2025
राष्ट्रपति मुर्मू की पहल पर अब इस विरासती परिसर को जनता के लिए खोलने का निर्णय लिया गया है, जिसे अब “राष्ट्रपति निकेतन” के नाम से जाना जाएगा। इस ऐतिहासिक स्थल में आने वाले नागरिक मुख्य भवन तक पहुंच सकेंगे और परिसर के भीतर की भव्य बागवानी, वास्तुशिल्प, और कैफेटेरिया का आनंद उठा सकेंगे। साथ ही, लोगों को 251 वर्षों पुरानी प्रेसिडेंट्स बॉडीगार्ड रेजीमेंट और इसके 186 साल पुराने अस्तबल के इतिहास से रूबरू होने का भी अवसर मिलेगा।
इस स्थल को आम जनता के लिए खोलने से पूर्व बिजली, पानी, पार्किंग जैसी आधारभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है ताकि आगंतुकों को कोई असुविधा न हो। राष्ट्रपति का यह कदम उत्तराखंड के पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहर को एक नया आयाम देगा।
अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उत्तराखंड से ही अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव में भी भाग लेंगी। उनका यह दौरा न केवल राजकीय दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व की दृष्टि से भी बेहद उल्लेखनीय माना जा रहा है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel