ब्रिटिश रॉयल नेवी के अत्याधुनिक फाइटर जेट F-35B ने आखिरकार भारत को अलविदा कह दिया है। यह जेट पांच सप्ताह पहले 14 जून को ब्रिटेन से ऑस्ट्रेलिया जाते समय तकनीकी खराबी के कारण केरल के तिरुवनंतपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करने को मजबूर हुआ था। उड़ान के दौरान जेट को हाइड्रोलिक सिस्टम में खराबी, ईंधन की कमी और खराब मौसम जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा था। ऐसे में पायलट ने सबसे नजदीकी और उपयुक्त एयरपोर्ट — तिरुवनंतपुरम — पर लैंडिंग का फैसला लिया, जिसमें भारतीय वायुसेना ने भी सहायता प्रदान की थी।
अब हाइड्रोलिक सिस्टम की खराबी को पूरी तरह ठीक कर लिया गया है और मंगलवार, 22 जुलाई को F-35B फाइटर जेट ने एक बार फिर उड़ान भरकर अपनी ‘घरवापसी’ की। यह घटना भारत-ब्रिटेन के रक्षा सहयोग के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जहां संकट की स्थिति में भारतीय एजेंसियों ने त्वरित और कुशल सहायता प्रदान की।