Skip to content
Thursday, October 29, 2026 Ahmedabad 34°C

भारत ने जीता महिला जूनियर एशिया कप हॉकी खिताब, फाइनल में दक्षिण कोरिया को 2-1 से हराया

भारत ने जीता महिला जूनियर एशिया कप हॉकी खिताब, फाइनल में दक्षिण कोरिया को 2-1 से हराया

भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम ने इतिहास रच दिया. उसने पहली बार महिला जूनियर हॉकी एशिया कप का खिताब जीता. टीम इंडिया ने फाइनल में चार बार की चैंपियन दक्षिण कोरिया को 2-1 से हराया. भारत के लिए अनु और नीलम ने गोल दागे. जबकि कोरिया के लिए एक मात्र गोल सियो यिओन ने किया. ने किया. इस मुकाबले के पहले क्वार्टर में एक भी गोल नहीं हो सका. लेकिन इसके बाद भारत ने 22वें मिनट में बढ़त बना ली. भारत के लिए अनु ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया. अनु ने गोलकीपर के बाईं ओर से गोल दागते हुए भारत को 1-0 से आगे किया. दक्षिण कोरिया ने हालांकि तीन मिनट बाद पार्क सियो यिओन के गोल की बदौलत स्कोर 1-1 कर दिया.

नीलम ने 41वें मिनट में दक्षिण कोरिया की गोलकीपर के दाईं ओर से गोल दागकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया जो निर्णायक स्कोर साबित हुआ. भारतीय टीम ने इसके बाद अंतिम क्वार्टर में अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए जीत दर्ज की. दक्षिण कोरिया को पेनल्टी कॉर्नर के रूप में गोल करने के कई मौके मिले लेकिन टीम इसका फायदा नहीं उठा सकी. इससे पहले महिला जूनियर एशिया कप में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2012 में था जब टीम बैंकॉक में पहली बार फाइनल में पहुंची थी लेकिन चीन से 2-5 से हार गई.

भारत ने मुकाबले में आक्रामक शुरुआत की. टीम को पहले ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारतीय टीम इसका फायदा नहीं उठा सकी. दक्षिण कोरिया ने हालांकि पलटवार करते हुए लय हासिल की और गेंद को अपने कब्जे में अधिक समय रखा. कोरिया को भी पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन नीलम ने अंतिम लम्हों में गेंद को गोल में जाने से रोक दिया. दोनों टीम के आक्रामक रुख अपनाने के बावजूद पहला क्वार्टर गोल रहित रहा.

दक्षिण कोरिया ने दूसरे क्वार्टर में भी आक्रामक रुख अपनाते हुए भारत को बैकफुट पर धकेला. कोरिया को कुछ पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन टीम भारत के मजबूत डिफेंस को भेदने में नाकाम रही. अनु ने इसके बाद पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर भारत को बढ़त दिलाई. भारत की खुशी हालांकि अधिक समय तक नहीं रही क्योंकि सियो यिओन ने ‘डी’ के अंदर से सटीक शॉट लगाकार कोरिया को बराबरी दिला दी. मध्यांतर तक स्कोर 1-1 रहा. दूसरे हाफ में भारत ने पलटवार करने की रणनीति अपनाई और टीम को इसका फायदा भी मिला जब नीलम ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर स्कोर 2-1 किया. भारत ने इसके बाद डिफेंस पर अधिक ध्यान दिया और बढ़त बरकरार रखते हुए जीत दर्ज की.

हॉकी इंडिया ने खिताब जीतने वाली टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को दो लाख रुपये नकद देने जबकि सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को एक लाख रुपये देने की घोषणा की. भारत टूर्नामेंट में अजेय रहा और साथ ही इस साल चिली में होने वाले महिला जूनियर विश्व कप 2023 में भी जगह बना ली.

Filed under Sports

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.