Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 36°C

‘किसी भी धर्म का व्यक्ति गुरुद्वारे में जा सकता है’ स्कॉटलैंड में भारतीय राजदूत को रोकने पर बोले BJP नेता

‘किसी भी धर्म का व्यक्ति गुरुद्वारे में जा सकता है’ स्कॉटलैंड में भारतीय राजदूत को रोकने पर बोले BJP नेता

खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का आरोप कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो ने भारत पर लगाया है। इसी के बाद दोनों देशों के संबंधों में दरार पैदा हो गई है। इसी बीच, ब्रिटेन में भारतीय राजदूत विक्रम दोरइस्वामी  को स्कॉटलैंड में खालिस्तानी समर्थकों के द्वारा गुरुद्वारे में जाने से रोकने का मामला सामने आया है। अब इस पर बीजेपी नेता ने खालिस्तानी समर्थकों को जमकर सुनाया है।

‘सिख वह धर्म नहीं, जो हिंसा में विश्वास करता है’

भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा (BJP leader Manjinder Singh Sirsa) ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए कहा कि घटना की निंदा करते हुए कहा कि किसी भी धर्म या समुदाय का कोई भी व्यक्ति गुरुद्वारा आ सकता है। हम वह धर्म नहीं हैं, जो हिंसा में विश्वास करता है। बल्कि हम उन लोगों में से हैं, जो मानवता के रक्षक हैं।

‘सिखों के लिए सबसे सुरक्षित जगह है भारत’

मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि सिख रक्षक हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी हमारे समुदाय के काम की प्रशंसा की है। अगर दुनिया में सिखों के लिए सबसे सुरक्षित कोई जगह है, तो वह भारत है।

सिख यूथ यूके के इंस्टाग्राम चैनल पर पोस्ट किया गया वीडियो

दरअसल, सिख यूथ यूके के इंस्टाग्राम चैनल पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में भारतीय राजदूत दोरईस्वामी को एक खालिस्तानी समर्थक द्वारा रोकते हुए दिखाया गया है। वह राजदूत को अल्बर्ट ड्राइव पर ग्लासगो गुरुद्वारे में जाने से रोक रहा है।

वीडियो में व्यक्ति को यह कहते हुए सुना जा सकता है- वे कनाडा और अन्य स्थानों में सिखों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। प्रत्येक सिख को किसी भी भारतीय राजदूत के खिलाफ विरोध करना चाहिए, जैसा कि हमने यहां ग्लासगो में किया है। सिख यूथ यूके का कहना है कि भारतीय अधिकारियों के आधिकारिक तौर पर गुरुद्वारे में जाने पर प्रतिबंध लगा हुआ है।

वीडियो में क्या है?

वीडियो में देखा सकता है कि ग्लासगो में गुरुद्वारे के पार्किग एरिया में राजदूत की कार के पास दो लोग दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक शख्स कार का दरवाजा खोलने की कोशिश कर रहा है। वीडियो में राजदूत के कार को गुरुद्वारा परिसर से निकलते हुए देखा जा सकता है।

‘भारतीय राजदूत और अधिकारियों के साथ ऐसा ही व्यवहार किया जाएगा’

वीडियो में एक व्यक्ति को यह कहते हुए साफ सुना जा सकता है कि गुरुद्वारे में आने वाले किसी भी भारतीय राजदूत या किसी भी भारतीय अधिकारी के साथ इसी तरह का व्यवहार किया जाएगा। कनाडाई पीएम ट्रूडो ने खुले तौर पर भारत की निंदा की है और भारतीय राजनयिकों को निष्कासित कर दिया है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, भारतीय राजदूत को गुरुद्वारा समिति के साथ बैठक करनी थी।

Filed under India

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.