Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 36°C

आपदा प्रबंधन पर 6वीं अंतरराष्ट्रीय कांग्रेस का सम्मेलन देहरादून में, 600 से ज्यादा विशेषज्ञ जुटेंगे

आपदा प्रबंधन पर 6वीं अंतरराष्ट्रीय कांग्रेस का सम्मेलन देहरादून में, 600 से ज्यादा विशेषज्ञ जुटेंगे

आपदा प्रबंधन के मुद्दे पर चर्चा के लिए उत्तराखंड के देहरादून में ‘आपदा प्रबंधन पर 6 वीं अंतरराष्ट्रीय कांग्रेस’ का आयोजन होने जा रहा है। इस कार्यक्रम के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 28 नवंबर से शुरु होकर 1 दिसंबर 2023 तक चलने वाले इस कार्यक्रम में दुनियाभर के विशेषज्ञ इकट्ठा होगें और आपदा प्रबंधन के मुद्दे पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशानिर्देश पर राज्य की अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन की तैयारियो को अंतिम रूप दिया गया है। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन हेतु सभी तैयारियों को समय रहते पूर्ण कर लिया गया है। सभी विभागों को ओनरशिप लेकर इस आयोजन को सफल बनाना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लिहाज से इस आयोजन का बहुत महत्व है, इसलिए हर अधिकारी को इसके लिए पूर्ण मनोयोग से तैयार रहना चाहिए।

बताया गया है कि 28 नवंबर से होने वाली कांग्रेस के सभी कार्यक्रम ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी में आयोजित होंगे। चार दिन के इस सेमिनार में कुल 70 सेशन होंगे जिसमें अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के वक्ता अपनी बात रखेंगे। अपर मुख्य सचिव श्रीमती रतूड़ी ने कहा कि सभी विभागों को चाहिए कि वे बेहतर तालमेल के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि इसके ठीक बाद दिसंबर माह में ही ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट भी देहरादून में होने जा रही है। ऐसे में यह आयोजन उसकी रिहर्सल के तौर पर भी देखा जाएगा।

अपर मुख्य सचिव ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के गणमान्य व्यक्ति आ रहे हैं सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण कर ली जाएं। बताया गया है कि लगभग 600 डेलिगेट्स इस कांग्रेस में भाग लेंगे। उनके लिए सरकार ने विशेष प्रबंध किए हैं। अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया है कि ग्राफ़िक एरा से लेकर जिन किसी भी होटल में डेलिगेट्स रुकेंगे, वहां पर फायर सेफ्टी ऑडिट कराई जाए। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग को भी कार्यक्रम के दिन एबुलेंस और मेडिकल टीमों के साथ तैयार रहने को कहा गया है। चार दिवसीय आयोजन में शुरुआत के दो दिनों में शाम के वक्त सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। विदेशी मेहमानों को गंगा आरती हेतु ऋषिकेश भी ले जाया जाएगा।

बैठक में सचिव शैलेश बगोली, आपदा प्रबंधन सचिव रंजीत सिन्हा, अपर पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था एपी अंशुमन, यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, डीआईजी राजकुमार नेगी, ग्राफिक एरा विश्विद्यालय के कुलपति डॉ नरपिंदर सिंह आदि अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Filed under India

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.