Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 34°C

दिल्ली में बीजेपी संसदीय दल की बैठक, 3 राज्यों में जीत पर पीएम मोदी का किया गया सम्मान

दिल्ली में बीजेपी संसदीय दल की बैठक, 3 राज्यों में जीत पर पीएम मोदी का किया गया सम्मान

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संसदीय दल की बैठक में बृहस्पतिवार को, हाल में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी के शानदार प्रदर्शन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जोरदार स्वागत किया गया। विधानसभा चुनावों में भाजपा ने मध्य प्रदेश में अपनी सत्ता बरकरार रखी वहीं कांग्रेस को राजस्थान और छत्तीसगढ़ की सत्ता से बाहर कर दिया। तेलंगाना में भी पार्टी ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। संसद भवन परिसर में हो रही इस बैठक में प्रधानमंत्री के पहुंचते ही भाजपा सांसदों ने खड़े होकर तालियां बजाईं और ‘स्वागत है भाई स्वागत है, मोदी जी का स्वागत है’ के नारे लगाए।

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच प्रधानमंत्री को माला पहनाकर उनका स्वागत किया। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल सहित कई केंद्रीय मंत्री और पार्टी के सांसद मौजूद थे। बताया जा रहा है कि इस बैठक में मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों के नाम पर चर्चा हो सकती है। इसके लिए इन राज्यों के सीनियर लीडर भी दिल्ली बुलाए गए हैं। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिधिंया आज सुबह दिल्ली भी पहुंच गईं।

अभी तक बीजेपी ने सीएम का नाम तय नहीं किया है

बता दें कि राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बड़ी जीत के बाद बीजेपी ने अभी तक मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान नहीं किया है। पार्टी को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में शानदार जनादेश मिला है। इसने न केवल उनके विपक्षी दलों को बल्कि उन कुछ सर्वेक्षणकर्ताओं को भी चौंका दिया, जिन्होंने इन राज्यों में कड़े मुकाबले की भविष्यवाणी की थी।

3 राज्यों में बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज की है

पांच राज्यों के चुनाव नतीजे, खासकर राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हार 2024 के लिए कांग्रेस की उम्मीदों के लिए एक बड़ा झटका है क्योंकि अब वह हिंदी पट्टी के एक बड़े हिस्से में सत्ता से बाहर हो गई है। मध्य प्रदेश में बीजेपी करीब 20 साल से सत्ता में है और उसने इस चुनाव 163 सीटों के साथ शानदार जनादेश हासिल किया। जबकि कांग्रेस 66 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही। छत्तीसगढ़ में बीजेपी को 54 और राजस्थान में 115 सीटें मिली हैं।

Filed under Delhi India

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.