Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 33°C

‘सबको PM का फेस चाहिए था… हां मैंने मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम आगे बढ़ाया’, दिल्ली में बोलीं ममता बनर्जी

‘सबको PM का फेस चाहिए था… हां मैंने मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम आगे बढ़ाया’, दिल्ली में बोलीं ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि मंगलवार को INDIA ब्लॉक की मीटिंग के दौरान उन्होंने बतौर पीएम उम्मीदवार कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम आगे बढ़ाया था. दिल्ली में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पश्चिम बंगाल को मिल रहे सेंट्रल फंड के मुद्दे पर मुलाकात के बाद ममता बनर्जी ने पत्रकारों से बात की.

इस दौरान पत्रकारों ने ममता से पूछा कि क्या मंगलवार को उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम पीएम उम्मीदवार के तौर पर आगे बढ़ाया था. इसके जवाब में ममता ने कहा कि हर जगह चर्चा हो रही है कि INDIA गठबंधन का पीएम उम्मीदवार कौन है. तो मैंने इस सवाल के जवाब में मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम आगे बढ़ाया है. ममता ने दावा किया कि उनके प्रस्ताव को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी समर्थन दिया.

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हर लोग पूछता है कि एक फेस तो चाहिए तुम्हारा फेस कौन है. इसलिए हमने प्रपोजल दिया था कि खड़गे जी का नाम पीएम पद के उम्मीदवार के लिए आना चाहिए.’ ममता ने कहा कि खडगे के नाम पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है. हम उन्हें सपोर्ट करते हैं.

ममता से पूछा गया कि क्या उनके प्रस्ताव से नीतीश कुमार नाराज हैं, इसके जवाब में उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं है.

ममता बनर्जी ने संसद के बाहर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के कथित अपमान पर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि वे सभी का सम्मान करती हैं. ममता ने कहा कि कल्याण बनर्जी पर पार्टी बयान देगी. उन्होंने कहा कि हम तो सब का सम्मान करते हैं, आपको तो पता भी नहीं चलता इसके बारे में अगर राहुल गांधी इस वीडियो को नहीं बनाते. उन्होंने कहा कि इसमें अनादर की कोई बात नहीं है.

बता दें कि मंगलवार को संसद के बाहर टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने उपराष्ट्रपति की मिमिक्री की थी. इसे लेकर सत्ता पक्ष ने कल्याण बनर्जी समेत विपक्ष की कड़ी निंदा की थी. ममता बनर्जी ने कहा कि केंद्र जल्द से जल्द पश्चिम बंगाल का फंड जारी करे. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर उनकी पीएम मोदी से बात हुई है. ममता के मुताबिक पीएम ने कहा कि इस मामले को सुलझाने के लिए केंद्र और राज्य के अफसर मिलकर बैठेंगे और इसे सुलझाएंगे.

Filed under India

Share this story

Latest News

Explore Districts

News from every corner of Gujarat.