Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 33°C

किसान दिवस: अन्‍नदाता की खुशहाली, नौजवानों को रोजगार डबल इंजन सरकार का लक्ष्‍य: योगी आदित्‍यनाथ

किसान दिवस: अन्‍नदाता की खुशहाली, नौजवानों को रोजगार डबल इंजन सरकार का लक्ष्‍य: योगी आदित्‍यनाथ

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा है कि डबल इंजन सरकार बोलती कम है और परिणाम ज्‍यादा देती है। किसानों के जीवन में खुशहाली और नौजवानों को रोजगार भाजपा सरकार प्राथमिकता है और इस दिशा में तेजी से सार्थक कदम उठाए जा रहे हैं। सीएम योगी शनिवार को किसान दिवस के मौके पर मुरादाबाद के गांव ढकिया नरू गांव में चौधरी चरण सिंह की 51 फीट ऊंची प्रतिमा के लोकार्पण के साथ किसान सम्‍मेलन को सम्‍बोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह भारत की अर्थव्यवस्था अच्‍छी जानकारी थी। वह कहते थे कि किसानों की तरक्‍की के बिना देश और प्रदेश का विकास नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में आज देश का किसान खुशहाली के रास्‍ते पर आगे बढ़ रहा है। केन्‍द्र और राज्‍य सरकार की ओर से संचालित कल्‍याणकारी योजनाएं किसानों की उन्‍नति के नए रास्‍ते खोल रही हैं। यूपी में एक वक्‍त ऐसा भी था, जब गन्‍ना किसानों को उनकी उपज का भुगतान नहीं मिलता था। चीनी मिलें बंद नजर आती थीं। भाजपा सरकार बनने के बाद गन्‍ना किसानों की समस्‍याएं खत्‍म हुईं। आज चीनी मिलें पूरी क्षमता से पिराई कर रही हैं। किसानों को समय से उनका पैसा मिल रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि जिन किसानों के पास निजी ट्यूबवेल हैं, उन्हें सरकार की तरफ से फ्री बिजली देने की व्‍यवस्‍था की जाएगी। किसानों को सिंचाई के लिए सोलर पेनल दिए जा रहे हैं। प्रदेश में गन्‍ने का रकबा 18 लाख से बढ़कर 29 लाख हैक्‍टेयर हो चुका है। पश्‍च‍िमी यूपी को प्रयागराज और वाराणसी से जोड़ने के लिए गंगा एक्‍सप्रेस वे पर तेजी से काम चल रहा है। सरकार नौजवानों को रोजगार की गारंटी दे रही है। एक जिला एक उत्‍पाद पर फोकस किए जाने से मुरादाबाद का एक्‍सपोर्ट काफी आगे पहुंचा है। मुरादाबाद से हवाई सेवा भी जल्‍द शुरू होगी।

मुख्‍यमंत्री बोले कि डबल इंजन सरकार किसान, गरीब, नौजवान, व्‍यापारी, महिलाएं’बेटियां, आम जनता सबके हित में काम कर रही है। अब कहा जाता है कि कफ़र्यू न दंगा, यूपी में अब सब चंगा। कोई अगर कानून के साथ खिलवाड़ करेगा, व्‍यापरियों को परेशान करेगा तो सरकार उसे सबक सिखाएगी। सरकार सबके विकास के लिए काम कर रही है। विरासत का सम्‍मान किया जा रहा है। चौधरी साहब की जयंती पर इसीलिए वह मुरादाबाद आए। चौधरी साहब ने प्रदेश, देश अैर किसानों की खुशहाली के लिए काम किया था। सीएम योगी ने कहा कि शुक्र तीर्थ का निर्माण और विदुर कुटी का पुनरोद्धार किया जा रहा। 22 जनवरी को अयोध्‍या में भगवान राम के मंदिर का उद़घाटन होने जा रहा है।

सीएम योगी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठने वालों का अपमान करने वालों को जनता सजा देगी। संविधान के अपमान का मतलब बाबा साहब का अपमान है और कोई भारतवासी इसे बर्दाश्‍त नहीं करेगा। भारत की एकता अखंडता को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मुख्‍यमंत्री योगी ने चौधरी चरण सिंह को उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि किसानों और नौजवानों के परिश्रम का ही परिणाम है, जो यूपी सबसे मजबूत अर्थव्‍यवस्‍था की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इससे पहले सीएम योगी ने प्रदेश के उन्‍नत 18 किसानों को सम्मानित किया। इसमें मुरादाबाद मंडल के नौ किसान शामिल हैं। संभल के फईम और रामपुर के किसान अमित वर्मा एवं रामलाल को एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्‍या में किसानों के साथ प्रदेश के गन्‍ना मंत्री चौधरी लक्ष्‍मी नारायण, लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद, पशुधन एवं दुग्‍ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, मंत्री गुलाब देवी और राज्‍यमंत्री बल्‍देव सिंह औलख मौजूद रहे।

Filed under India Uttar Pradesh

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.