Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 36°C

राज्यपाल पद से इस्तीफा देने के दो दिन बाद तमिलिसाई सुंदरराजन BJP में हुईं शामिल

राज्यपाल पद से इस्तीफा देने के दो दिन बाद तमिलिसाई सुंदरराजन BJP में हुईं शामिल

तेलंगाना के राज्यपाल का पद छोड़ने वाली तमिलिसाई सौंदर्यराजन तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी में फिर से शामिल हो गईं हैं। तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के अन्नामलाई ने चेन्नई में पार्टी के मुख्यालय ‘कमलालयम’ में सौंदर्यराजन को सदस्यता कार्ड दिया।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करते हुए, तमिलिसाई सौंदराजन ने कहा कि हालांकि अपना पद छोड़ना एक कठिन निर्णय था, लेकिन वह पार्टी के लिए वापस काम करके खुश हैं।

उन्होंने कहा, वनथी श्रीनिवासन यहां बैठती थीं। वह राजनीति में सफल महिलाओं का उदाहरण हैं। यह सबसे खुशी का दिन है। यह एक कठिन निर्णय है। राज्यपाल के रूप में मेरे लिए अनेक सुविधाएँ थीं। मुझे राज्यपाल पद छोड़ने का एक प्रतिशत भी अफसोस नहीं है। मैंने तेलंगाना में कई चुनौतियां देखी हैं। अपने राज्यपाल काल में चार मुख्यमंत्री देखे।

तमिलनाडु में फिर से खिलेगा कमल- तमिलिसाई

उन्होंने जोर देकर कहा, ‘तमिलनाडु में निश्चित रूप से कमल खिलेगा। तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष के अन्नामलाई ने कहा कि तमिलिसाई ने अपना पद छोड़ दिया है क्योंकि वह राज्य में योगदान देना चाहती हैं।

उन्होंने आगे कहा, यह कोई आसान फैसला नहीं है। एनडीए 400 से ज्यादा सीटें जीतने जा रहा है। इसलिए तमिलिसाई राजनीति में रहना चाहती हैं और बीजेपी के लिए योगदान देना चाहती हैं। कल उनका इस्तीफा राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है। आज वह फिर से भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में शामिल हो गईं हैं।

उन्होंने कहा, यह दर्शाता है कि वह लोगों और भाजपा पार्टी से कितना प्यार करती हैं। किशन रेड्डी गठबंधन और सीट-बंटवारे की बातचीत के लिए पांच दिनों के लिए चेन्नई में हैं। वह काफी प्रशासनिक अनुभव के साथ आई हैं। हम अपनी पार्टी में उनका वापस स्वागत करते हैं।

राष्ट्रपति ने स्वीकार किया था तमिलिसाई का इस्तीफा

इस बीच, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को सुंदरराजन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

उनका इस्तीफा स्वीकार करने के बाद, राष्ट्रपति मुर्मू ने झारखंड के राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन को नियमित व्यवस्था होने तक अपने कर्तव्यों के अलावा तेलंगाना के राज्यपाल और पुडुचेरी के उपराज्यपाल के कार्यों का निर्वहन करने के लिए नियुक्त किया है।

इससे पहले, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) प्रमुख एमके स्टालिन ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए पार्टी के उम्मीदवारों की सूची की घोषणा की। स्टालिन ने पार्टी के घोषणापत्र की भी घोषणा की और आरोप लगाया कि भाजपा ने पिछले दस वर्षों में देश को नष्ट कर दिया है।

सियासी परिवार से आती हैं सुंदरराजन

उनके पिता के अनंतन पूर्व सांसद और तमिलनाडु में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। वहीं उनके चचेरे भाई अभिनेता और व्यवसायी से राजनेता बने विजय वसंत हैं। टी सुंदरराजन तमिलनाडु के नडार समुदाय से आती हैं। नडार समुदाय कन्याकुमारी, थूथुकुडी, तिरुनेलवेली और विरुधुनगर जिलों में प्रभावी स्थिति में है। तमिलनाडु और भारत दोनों की सरकारों द्वारा नडार कम्युनिटी को अन्य पिछड़ा वर्ग के रूप में वर्गीकृत और सूचीबद्ध किया गया है।

भाजपा ने बीते 10 सालों में तमिलानाडु में बहुत मेहनत की है। हालांकि 2019 में यहां उसका खाता भी नहीं खुला। इसके बावजूद स्टेट यूनिट हो या पीएम मोदी वो लगातार वो यहां लंबे समय से कैंप कर रहे हैं।

Filed under India Tamil Nadu

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.