Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 33°C

“मतदान का नया रिकॉर्ड बनाएं” : PM मोदी ने पांचवें चरण की वोटिंग से पहले की अपील

“मतदान का नया रिकॉर्ड बनाएं” : PM मोदी ने पांचवें चरण की वोटिंग से पहले की अपील

छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 49 लोकसभा सीटों पर आज पांचवें चरण का मतदान है. इनमें महाराष्ट्र की 13, उत्तर प्रदेश की 14, पश्चिम बंगाल की 7, बिहार की 5, झारखंड की 3, ओडिशा की 5 और जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख की एक-एक सीट शामिल है. इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोगों से मतदान की अपील करते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है.

अपनी पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा, “लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में आज 8 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 49 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे. इस चरण के सभी मतदाताओं से मेरा अनुरोध है कि वे अपना वोट जरूर डालें और मतदान का एक नया रिकॉर्ड बनाएं. महिला और युवा वोटरों से मेरी यह विशेष अपील है कि लोकतंत्र के इस महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें.”

अमित शाह ने भी बढ़ाया जोश

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी लोगों का जोश बढ़ाया। वोटिंग की अपील करते हुए गृहमंत्री अमित शाह शाह ने लिखा, “आज उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में लोकसभा चुनाव के 5वें चरण का मतदान होने जा रहा है। लोकतंत्र के इस महापर्व में इन प्रदेशों के सभी मतदाताओं से बढ़-चढ़ कर भाग लेने की अपील करता हूँ। अपने एक वोट की ताकत से ऐसी सरकार बनाइए, जो हर गरीब को घर, गैस, बिजली, शौचालय और मुफ्त इलाज की सुविधा सुनिश्चित कर सम्मानजनक जीवन का अधिकार देने के काम करें।”

18 मई को थमा 5वें चरण का प्रचार-प्रसार

लोकसभा चुनाव 2024 के 5वें चरण के चुनाव के लिए प्रचार प्रसार 18 मई, शनिवार को थम गया। बता दें, राजनाथ सिंह यूपी की लखनऊ सीट, राहुल गांधी रायबरेली, अमेठी से स्मृति ईरानी, हाजीपुर से चिराग पासवान और कश्मीर के बारामुला सीट से उमर अब्दुल्ला मैदान में हैं। वोटिंग बूथों पर तैयारी पूरी हो चुकी है। इस चरण में दो ‘हाई प्रोफाइल’ सीट रायबरेली और अमेठी में भी मतदान हो रहा है, जहां से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी मैदान में हैं.

पांचवें चरण में जिन सीट पर मतदान होगा उनमें से 40 से अधिक सीट राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पास थी. पांचवें चरण में 4.26 करोड़ महिलाओं और 5,409 ‘थर्ड जेंडर’ के मतदाताओं सहित 8.95 करोड़ से अधिक लोग मतदान करने के पात्र हैं और 94,732 मतदान केंद्रों पर 9.47 लाख मतदान अधिकारी तैनात किए गए हैं.

गौरतलब है कि इसके बाद 25 मई और फिर 1 जून छठे और सातवे चरण के मतदान का आयोजन किया जाएगा. इसके बाद 4 जून को वोटों की गिनती होगी.

 

Filed under India

Share this story

Latest News

Explore Districts

News from every corner of Gujarat.