Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 34°C

“21वीं सदी भारत की सदी’, होशियारपुर में PM मोदी ने याद दिलाया लाल किले वाला भाषण

“21वीं सदी भारत की सदी’, होशियारपुर में PM मोदी ने याद दिलाया लाल किले वाला भाषण

चुनाव प्रचार के आखिरी दिन पंजाब के होशियारपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रैली को संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान अपने भाषण में उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव प्रचार की मेरी ये अंतिम सभा है। हमारे होशियारपुर को छोटी काशी कहा जाता है। ये गुरु रविदास जी की तपोभूमि है। संयोग देखिए काशी जहां से मैं सांसद हूं वहां गुरु रविदास जी का जन्म हुआ था, इसलिए होशियारपुर की इस पुण्य भूमि पर चुनाव सभा का समापन होना मेरे लिए सौभाग्य से कम नहीं है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, गुरु रविदास जी कहते थे कि मन चंगा तो कठौती में गंगा। मैं पूरे ईमानदार मन से देश की सेवा में जुटा हुआ हूं, इसलिए जनता का आशीर्वाद भी मेरे साथ है। मैं देशभार में देखकर आया हूं कि जनता जर्नादन ने मोदी सरकार को बनाना पक्का कर लिया है। आज देश में आकांक्षाएं नई हैं, उम्मीदें नई हैं, आज देश में आत्मविश्वास नया है। दशकों बाद ऐसा समय आया है कि पूर्ण बहुमत वाली केंद्र सरकार हैट्रिक लगाने जा रही है और इसकी सबसे बड़ी वजह विकसित भारत का सपना है। आज हर भारतीय विकसित भारत के सपने के साथ एकरूप हो गया है, जुड़ गया है, इसलिए हर देशवासी हमें आशीर्वाद दे रहा है।

उन्होंने कहा, मैंने लाल किले से कहा था- यही समय है, सही समय है। आज फिर कह रहा हूं कि 21वीं सदी भारत की सदी होगी। पिछले 10 साल में भारत ने जो विकास कर दिखाया है वह अभूतपूर्व रहा है। आज जब पंजाब के लोग, दूसरे राज्यों के लोग विदेश जाते हैं, तो खुद देखते हैं कि वहां भारत और भारतीयों की इज्जत कितनी बढ़ गई है। जब देश में दमदार सरकार होती है तो विदेशी सरकारें भी हमारा दम देखती है और वीरों की इस धरती पंजाब से बेहतर कौन जानेगा कि दमदार होने का मतलब क्या होता है। दमदार सरकार जो दुश्मन के छक्के छुड़ा दे, दमदार सरकार जो दुश्मन को घर में घुसकर मारे, दमदार सरकार जो भारत को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाए, इसलिए इस बार पंजाब भी कह रहा है कि फिर एक बार…।

पीएम ने कहा, गरीब कल्याण मेरी सरकार की बहुत बड़ी प्राथमिकता है। इसमें गुरु रविदास की बहुत बड़ी प्रेरणा है। वो कहते थे कि ऐसा चाहूं राज मैं जहां मिलै सबन को अन्न, छोट बड़ो सब सम बसै, रैदास रहै प्रसन्न। बीते 10 वर्षों में हमने गरीब से गरीब को मुफ्त अनाज और मुफ्त इलाज की सुविधा दी है। आज किसी भी गरीब, दलित, वंचित के संतान को भूखे नहीं सोना पड़ता है। आज किसी गरीब महिला को अपनी बीमारी छुपाने की जरूरत नहीं है। आज सभी के पास राशन कार्ड है। गुरु रविदास ऐसा समाज बनाना चाहते थे जहां जाति के आधार पर समाज में कोई भेद ना हो, उन्होंने कहा- जाति जाति में जाति हैं, जो केतन के पात, रैदास मनुष ना जुड़ सके जब तक जाति न जात। आज मोदी सरकार की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव सभी को मिल रहा है। सभी को पक्का घर मिला, बिना भेदभाव सभी को बिजली का कनेक्शन मिला। बिना भेदभाव ऐसी योजनाओं ने गरीब और दलित के लिए स्वाभिमान से जीना संभव किया है। यही ‘सबका साथ, सबका विकास’ हमारा सुशासन का मंत्र है।

उन्होंने कहा, रविदास जी ने ये भी कहा कि सौ बरस लौं जगत मंहि, जीवत रहि करू काम। रैदास करम ही धरम हैं, करम करहु निहकाम। अर्थात 100 वर्ष का जीवन हो तो भी पूरे जीवन हमें काम करना चाहिए। वो कहते थे कि कर्म ही धर्म है। गुरु रविदास जी की ये भावना हमारी सरकार की कार्यसंस्कृति में झलती है। चुनाव के इस भागदौड़ में भी हमारी सरकार एक पल भी व्यर्थ नहीं कर रही है। सरकार बनते ही तीसरे टर्म में अगले 125 दिन में क्या होगा, सरकार क्या करेगी, कैसे करेगी, किसके लिए करेगी कब तक करेगी, इसके रोडमैप पर काम कर लिया गया है। इसमें भी 25 दिन विशेष तौर पर युवाओं के लिए केंद्रित किए गए हैं। अगले पांच साल में कौन से बड़े निर्णय लेने हैं इसकी भी रूपरेखा खींची जा चुकी है। अगलते 25 साल के विजन पर भी हमारी सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है। ये भाजपा सरकार का सौभाग्य है कि उसे गुरु रविदास से जुड़ी विरासत को सम्मान देने का अवसर मिला है। काशी में उनके जन्म स्थान का विकास किया जा रहा है। काशी में गुरु रविदास जी के जन्म स्थान पर सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। वहां लंगर हॉल, पार्क, म्यूजियम हॉल, आस-पास सड़कें बनी हैं। मैं काशी का सांसद हूं, इसलिए जब भी आप काशी आए तो आप मेरे मेहमान हैं।

पीएम ने कहा, काशी में हम बहुत कुछ कर रहे हैं। इसके अलावा मध्य प्रदेश में गुरु रविदास जी का विशाल स्मारक का शिलान्यास का अवसर भी मुझे ही मिला था। हजारों गांवों की मिट्टी, देश की सैंकड़ों नदियों का जल एकत्रित कर उनका भव्य स्मारक और मंदिर बनाया जा रहा है। भोपाल में ग्लोबल स्किल पार्क का नाम भी उनके नाम पर रखा गया है। दिल्ली में भी तुगलकाबाद में उनके पवित्र स्थान को और दिव्य बनाना भी हमारा संकल्प है। इसके लिए सुप्रीम कोर्ट से जमीन की विशेष मंजूरी ले ली गई है। हमने अयोध्या में प्रभु राम का मंदिर तो बनाया, 500 साल बाद अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बना, इसकी पहली लड़ाई मेरे सीख भाई-बहनों ने लड़ी थी, तब से लड़ाई चली और आज राम मंदिर बना। यात्रियों की सविधा के लिए अयोध्या में बहुत बड़ा हवाई अड्डा बनाया, जिसका नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा है। यानी रामलला के पास जाना है, तो पहले वाल्मीकि जी के पास जाना होता है। इस प्रकार आदमपुर एयरपोर्ट का नाम भी गुरु रविदास जी के नाम पर रखा जाए। सरकार बनने के बाद तेजी से इस दिशा में काम किया जाएगा। भाजपा विरासत भी, विकास भी, इस मंत्र पर काम कर रही है।

उन्होंने कहा, जब अफगानिस्तान में संकट आया। वहां हमारे सिख भाई-बहन रहते थे। वहां गुरुद्वारा था, बहुत खतरे पैदा हो गए, तो गुरुग्रथ साहिब को श्रद्धा के साथ माथ पर रखकर भारत लाए। हमने साहिबजादों के बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाना तय किया। ये सिर्फ एक दिवस नहीं है, इतना बड़ा बलिदान, इतना बड़ा त्याग, इतनी प्रतिबद्धता बच्चे-बच्चे को पता होना चाहिए, इसलिए वीर बाल दिवस की परंपरा शुरू की। हरमंदिर साहिब के लंगर को टैक्स से मुक्त किया।

उन्होंने कहा, विकसित होते भारत के सामने कुछ चुनौतियां भी हैं। कांग्रेस और इंडी गठबंधन की स्वार्थ की राजनीति, वोट बैंक की राजनीति ने देश का बहुत नुकसान किया है। इनका वोट बैंक जो वोट बैंक के प्रति उनका प्यार था, जो बंटवारे के समय के हमारे करतारपुर साहिब पर भारत का अधिकार नहीं जता पाए। यही लोग हैं जो अपने वोट बैंक के लिए लगातार राम मंदिर का विरोध करते रहे। अपने तुष्टीकरण की राजनीति की वजह से इंडी गठबंधन CAA का भी विरोध कर रहा है। आजकल देश के लोग इंडी गठबंधन वालों से संविधान का रट सुन रहे हैं। ये वो लोग हैं जब इमरजेंसी में संविधान का गला घोंट दिया था। जब 1984 के दंगों में सिखों के गले में टायर बांधकर जलाया जा रहा था, तो इन्हें संविधान की नहीं सूझी। मोदी ने एक संकल्प लिया है कि वो दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों का आरक्षण किसी को छीनने नहीं देगा। ये कांग्रेस और इंडी गठबंधन वाले के इरादे बहुत खतरनाक है, इतना पूरा ट्रैक रिकॉर्ड एससी, एसटी, ओबीसी का आरक्षण छीनने का रहा है। सरकारी नौकरी में धर्म के आधार पर आरक्षण हो, स्पोर्ट्स में, सरकारी टेंटर, यूनिवर्सिटी के दाखिले में धर्म के आधार पर आरक्षण हो, ये संविधान की भावना, बाबा साहब आम्बेडकर की भावना का अपमान कर रहे हैं। ये सिर्फ व सिर्फ मुसलमानों को आरक्षण देना चाहते हैं। ये धर्म के आधार पर बांटने की बहुत बड़ी साजिश है। कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। 60 साल तक कांग्रेस ने जो कारनामे किए हैं, ऐसा लगता है कांग्रेस ने भ्रष्टाचार में डबल पीएचडी कर ली है। अब एक और कट्टर भ्रष्टाचारी पार्टी भी जुड़ गई है। ये भयंकर झूठवादी पार्टी भी है। लोग भूले नहीं कि कांग्रेस के समर्थन से दिल्ली में झूठवादी पार्टी की सकार बनी थी। उसने कांग्रेस से बराबर भ्रष्टाचार के पाठ पढ़ लिए हैं।

Filed under India Punjab

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.