Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 36°C

बारिश से बेहाल हुई दिल्ली, कई जगहों पर जल जमाव, ट्रैफिक पुलिस ने दी चेतावनी

बारिश से बेहाल हुई दिल्ली, कई जगहों पर जल जमाव, ट्रैफिक पुलिस ने दी चेतावनी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में गुरुवार सुबह और फिर दोपहर के आसपास बारिश हुई, जिसके कारण कई क्षेत्रों में यातायात प्रभावित हुआ। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए बताया है कि किन जगहों पर जल जमाव के कारण ट्रैफिक बाधित हुआ है। इसके साथ ही इन जगहों या रास्तों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है। रोहतक रोड, मजनूं का टीला, नजफगढ़ रोड में अलग-अलग वजहों से ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। फिरनी रोड, एमबी रोड में बारिश का पानी जमा होने से ट्रैफिक प्रभावित है।

मौसम विभाग ने दोपहर 12 बजे जारी अपनी अधिसूचना में बताया कि अगले दो घंटों में दक्षिणी दिल्ली और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली (अक्षरधाम, लोदी रोड, नेहरू स्टेडियम, डिफेंस कॉलोनी, लाजपत नगर, मालवीय नगर, कालकाजी, तुगलकाबाद, ईस्ट ऑफ कैलाश, छतरपुर, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्र, आयानगर और डेरामंडी) के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने की संभावना है।

कहां कितनी बारिश ?

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दिल्ली में गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटे की अवधि में प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग में 9.2 मिमी, लोधी रोड पर 7.4 मिमी, रिज पर 5.6 मिमी, पालम में 17.4 मिमी और आयानगर में 40.8 मिमी बारिश हुई। राजधानी के विभिन्न इलाकों में बारिश होने के बाद सड़कों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री कम है।

कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने दिन में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है। सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता का स्तर 94 प्रतिशत दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 78 दर्ज किया गया जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।

Filed under Delhi

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.