Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 36°C

मुंबई में भारी बारिश हुई जानलेवा, 4 मंजिला बिल्डिंग की बालकनी ढहने से महिला की मौत

मुंबई में भारी बारिश हुई जानलेवा, 4 मंजिला बिल्डिंग की बालकनी ढहने से महिला की मौत

दक्षिण मुंबई में शनिवार को ग्रैंड रोड रेलवे स्टेशन के पास स्थित चार मंजिला रिहाइशी इमारत की बालकनी का कुछ हिस्सा ढहने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि रुबिन्निसा मंजिल नामक इमारत ग्रैंड रोड रेलवे स्टेशन के पास स्लीटर रोड पर स्थित है।

तीन घायलों का चल रहा इलाज

अधिकारी ने कहा, “बालकनी का कुछ हिस्सा ढहने के कारण चार लोग घायल हो गए। उन्हें एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां महिला को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि तीन अन्य का इलाज किया जा रहा है। अधिकारी के मुताबिक, यह महाराष्ट्र आवास एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) की पुरानी इमारत है, जिसे बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने खतरनाक घोषित किया है। उन्होंने कहा कि इस इमारत को पहले भी नोटिस जारी किया गया था। अधिकारी के अनुसार, घटना के बाद इमारत से सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

मुंबई में हुई झमाझम बारिश

बता दें कि मुंबई और उसके उपनगरों में शनिवार को रुक-रुक कर भारी बारिश हुई, जिसके कारण महानगर के कुछ इलाकों में पानी भर गया लेकिन लोकल ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से संचालित की जा रही हैं। मौसम विभाग ने बताया कि मुंबई में शनिवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 91 मिमी बारिश हुई, जबकि इसके पूर्वी एवं पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 87 मिमी और 93 मिमी बारिश दर्ज की गई।

यहां पर भारी बारिश का अलर्ट

आईएमडी ने नागपुर और विदर्भ क्षेत्र में शनिवार को भारी बारिश और अगले दो दिन में अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलें। उसने शनिवार को चंद्रपुर के लिए ‘रेड’ अलर्ट तथा नागपुर, अमरावती और वर्धा जिलों के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। विभाग ने मुंबई में भी मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।

Filed under India Maharashtra

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.