Skip to content
Thursday, October 29, 2026 Ahmedabad 25°C

महाकुंभ में माघी पूर्णिमा पर उमड़ा भक्तों का सैलाब, नो व्हीकल जोन में तब्दील हुआ प्रयागराज

महाकुंभ में माघी पूर्णिमा पर उमड़ा भक्तों का सैलाब, नो व्हीकल जोन में तब्दील हुआ प्रयागराज

त्रिवेणी के तट पर माघ पूर्णिमा स्नान पर्व के लिए श्रद्धालुओं और पर्यटकों का जनसैलाब उमड़ रहा है. मेला क्षेत्र में वाहनों की एंट्री रोक दी गई है और प्रशासन ने क्राउड मैनेजमेंट के लिए विशेष रणनीति तैयार की है. श्रद्धालु गंगा तट पर डुबकी लगा रहे हैं. माघी पूर्णिमा पर 3 से 4 करोड़ श्रद्धालुओं के संगम स्नान का अनुमान है. आज श्रद्धालुओं का एक महीने का कल्पवास भी पूरा होगा.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह चार बजे से ही महाकुंभ मेले की निगरानी कर रहे हैं. राज्य सरकार इस धार्मिक आयोजन को पूरी तरह से सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है. सीएम योगी ने मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, और यातायात व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं.

सब कुछ नियंत्रण : डीआइजी प्रयागराज

डीआइजी प्रयागराज वैभव कृष्ण ने बताया कि माघपूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालु बड़ी संख्या में ‘स्नान’ के लिए यहां पहुंच रहे हैं. हमारी तैयारी वास्तव में अच्छी है. सब कुछ नियंत्रण में है. पार्किंग, ट्रैफिक डायवर्जन, सब कुछ सक्रिय है. श्रद्धालु नियमो का पालन कर रहे हैं.

प्रयागराज: ‘माघी पूर्णिमा’ के अवसर पर पवित्र डुबकी लगाने के लिए त्रिवेणी संगम पर महाकुंभ मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंची.

माघी पूर्णिमा’ पर अपर मेला अधिकारी विवेक चतुर्वेदी ने कहा, “आज ‘माघी पूर्णिमा’ का स्नान है इस बार मेले में अप्रत्याशित भीड़ आई है. स्नान का कार्य जारी है. भारी संख्या में श्रद्धालु यहां आ रहे हैं. समस्त तैयारियां की गई हैं. ये स्नान कल पूरा दिनभर तक चलेगा.”

महाकुंभ का आज  31वां दिन है और यह पांचवां पवित्र स्नान है. प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया है ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं का ध्यान रखा जा सके.

पुलिस आयुक्त ने आमजन से अनुरोध किया है कि सोशल मीडिया पर गलत सूचना अथवा अफवाह न फैलाएं. उन्होंने कहा कि यातायात संबंधी जो भी चुनौती आयी है उसका हम लोगों ने अतिरिक्त पुलिस बल लगाकर एवं अथक प्रयास करके सभी समस्याओं का निस्तारण किया है.

अस्पतालों में चिकित्सकीय सेवाओं की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 30 वरिष्ठ डॉक्टरों को विशेष ड्यूटी पर लगाया गया है, जबकि 180 रेजिडेंट डॉक्टर और 500 से अधिक नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ लगातार सेवा दे रहे हैं.

माघ पूर्णिमा पर स्नान और दान का शुभ मुहूर्त 

माघ पूर्णिमा के दिन सौभाग्य और शोभन योग का निर्माण भी हो रहा है. इस दिन अभिजीत मुहूर्त भी बन रहा है. पूर्णिमा के दिन ब्रह्म मुहूर्त (Brahma Muhurt) में स्नान करना अत्यधिक शुभ होता है. 12 फरवरी के दिन सुबह 5 बजकर 1 मिनट से सुबह 6 बजकर 10 मिनट के बीच स्नान किया जा सकता है. यह ब्रह्म मुहूर्त का स्नान होगा. ब्रह्म मुहूर्त में ही दान भी किया जा सकता है. पूर्णिमा के दान में जरूरतमंदों को दाल, चावल, तिल, कंबल, किताबें या पहनने के कपड़े दिए जा सकते हैं.

सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर खास इंतजाम 

  •  11 फरवरी को सुबह 4:00 बजे से मेला क्षेत्र को *No Vehicle Zone* घोषित किया गया है, केवल आपातकालीन सेवाओं के वाहन चलेंगे.
  • बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को शहर के बाहर निर्धारित पार्किंग में पार्क किया जाएगा
  • यातायात व्यवस्था 12 फरवरी को मेला क्षेत्र से श्रद्धालुओं की निकासी तक लागू रहेगी.
  • कल्पवासियों के वाहनों पर भी वही प्रतिबंध लागू रहेगा.
  • AI कैमरों से वाहनों की संख्या ट्रैक की जा रही है.
  • गलत पार्किंग करने वाले वाहनों को क्रेन से उठाया जा रहा है
  • कल्पवासियों के लिए विशेष यातायात व्यवस्था की गई है.
  • 133 एंबुलेंस तैनात की गई हैं
  • महाकुंभ नगर के 43 अस्पताल हाई अलर्ट पर हैं.
  • 125 एंबुलेंस के अतिरिक्त 7 रिवर एंबुलेंस और 1 एयर एंबुलेंस विशेष रूप से तैनात की गई हैं.
  • स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल और तेज बहादुर सप्रू चिकित्सालय में 24 घंटे मेडिकल टीम तैयार रहेगी.
  • महाकुंभ में श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बना लिया है
  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले ही अनुमान जताया था कि 45 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है
  • 11 फरवरी को सुबह 8 बजे तक 45 करोड़ स्नानार्थियों का आंकड़ा पार हो चुका था
  • अनुमान है कि स्नानार्थियों की संख्या 50-55 करोड़ तक पहुंच सकती है
Filed under Uttar Pradesh

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.