बिहार की राजनीति में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। एआईएमआईएम के सहयोगी और बिरौल नगर पंचायत के उप मुख्य पार्षद अख्तर शहंशाह उर्फ़ चांद बाबू ने आरजेडी नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर गंभीर आरोप लगाया है। शहंशाह ने दरभंगा जिले के बिरौल थाने में दिए गए आवेदन में कहा है कि तेजस्वी यादव ने जानबूझकर उन पर गाड़ी चढ़वाने का आदेश दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना 19 सितंबर 2025 की है। उस दिन तेजस्वी यादव की बिहार अधिकार यात्रा सहरसा से समस्तीपुर जा रही थी। आरोप है कि शाम करीब 5 बजे बिरौल के हाईवे-17 पर हाटीकोटी के पास शहंशाह यात्रा के दौरान मौजूद थे। तभी तेजस्वी यादव ने अपने ड्राइवर को आदेश दिया – “इसके ऊपर गाड़ी चढ़ा दो।” इसके बाद गाड़ी ने शहंशाह को टक्कर मार दी।
शहंशाह ने आरोप लगाया है कि इस घटना में उनका दाहिना पैर फ्रैक्चर हो गया और सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। उन्होंने अपनी शिकायत में पूर्व केंद्रीय मंत्री अशरफ फातमी का भी नाम लिया है। उनका कहना है कि फातमी के इशारे पर आरजेडी कार्यकर्ताओं ने उनसे मारपीट की।
शहंशाह ने दावा किया कि घटना के बाद से उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। इस पूरे मामले ने बिहार की सियासत में हलचल पैदा कर दी है और तेजस्वी यादव के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।