उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। विश्व युवा कौशल दिवस 2026 के अवसर पर राज्य के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने ‘कौशल सेतु’ और ‘कौशल सारथी’ नामक दो डिजिटल पोर्टल लॉन्च किए। इन दोनों प्लेटफॉर्म के जरिए कौशल विकास मिशन की प्रक्रियाओं को पूरी तरह डिजिटल, पारदर्शी और आसान बनाया गया है।
सरकार का उद्देश्य युवाओं को तेजी से उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित कर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के लिए तैयार करना है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रशिक्षण संस्थानों, उद्योगों और युवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा।
‘कौशल सेतु’ से होगी पारदर्शी और पेपरलेस प्रक्रिया
‘कौशल सेतु’ पोर्टल उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन का डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से ट्रेनिंग पार्टनर्स के पंजीकरण, एम्पैनलमेंट और दस्तावेज सत्यापन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।
अब संस्थानों को आवेदन, दस्तावेज अपलोड, आवश्यक प्रमाणपत्र और अन्य औपचारिकताएं एक ही पोर्टल पर पूरी करने की सुविधा मिलेगी। इससे समय की बचत होगी, प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी और कागजी कार्यवाही में भी कमी आएगी।
कौशल विकास मिशन एवं ITI से प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार एवं उद्यमिता से आत्मनिर्भर बने युवाओं को आज विश्व युवा कौशल दिवस-2026 के अवसर पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया।
इस अवसर पर व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग तथा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन… pic.twitter.com/0auK9JuJyE
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 15, 2026
‘कौशल सारथी’ से मिलेगी ट्रेनिंग सेंटर की पूरी जानकारी
सरकार द्वारा लॉन्च किया गया दूसरा डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘कौशल सारथी’ युवाओं के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। इस पोर्टल पर किसी भी जिले के सभी प्रशिक्षण केंद्रों, उपलब्ध कोर्स, ट्रेनिंग पार्टनर्स, संस्थानों के पते और उनकी लोकेशन की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी।
इससे युवाओं को सही प्रशिक्षण केंद्र खोजने में आसानी होगी और वे अपनी रुचि एवं करियर के अनुसार उपयुक्त स्किल कोर्स का चयन कर सकेंगे।
AI, रोबोटिक्स और मॉडर्न टेक्सटाइल में मिलेगा एडवांस प्रशिक्षण
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ने केएलके प्राइवेट लिमिटेड और विनसम टेक्सटाइल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के साथ महत्वपूर्ण औद्योगिक समझौतों (MoU) पर हस्ताक्षर किए।
इन समझौतों के तहत युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, मॉडर्न टेक्सटाइल और उभरती तकनीकों से जुड़े एडवांस कोर्स उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उद्योगों में रोजगार और प्लेसमेंट के अवसर भी प्रदान किए जाएंगे।
‘कौशल से स्वावलंबन और स्वावलंबन से सम्मान’ पर जोर
इस अवसर पर राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने ‘Skilling the Future UP: Journey from Training to Transformation’ नामक कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया।
उन्होंने कहा कि आज कौशल विकास केवल पारंपरिक क्लासरूम प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है। सरकार तकनीक, उद्योग और रोजगार को एक साथ जोड़ते हुए युवाओं को ‘कौशल से स्वावलंबन और स्वावलंबन से सम्मान’ के मूल मंत्र के साथ आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को किया सम्मानित
विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कौशल विकास मिशन और आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में सफलता हासिल करने वाले युवाओं को सम्मानित किया।
इस दौरान व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग तथा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों में हुए कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित ‘कौशलम’ पुस्तिका का भी विमोचन किया गया।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार हर युवा के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है और उनके भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने देगी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel