देश के दो राज्यों आंध्र प्रदेश और झारखंड से पत्रकारों पर हमले की गंभीर घटनाएं सामने आई हैं, जिसने मीडिया की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहली घटना चित्तूर में हुई, जो मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू का गृह जिला है। मंगलवार (28 अप्रैल 2026) सुबह पत्रकार जगनमोहन रेड्डी पर उस समय जानलेवा हमला किया गया जब वे मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। मस्जिद के पास बाइक सवार हमलावरों ने उन्हें चाकू से गोद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हमले में उनके साथ मौजूद दूसरे पत्रकार सुब्रमण्यम भी घायल हुए हैं। उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और अस्पताल में उनका इलाज जारी है।
हजारीबाग में सवाल पूछने पर नाराज स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के इशारे पर उनके एक दर्जन समर्थकों द्वारा News 18 Jharkhand के पत्रकार सुशांत सोनी के साथ मारपीट किए जाने की चिंताजनक सूचना मिली है।
लोकतंत्र में सवाल पूछना पत्रकारों का अधिकार है, लेकिन वंशवाद के सहारे राजनीति करने… pic.twitter.com/hL0Y8uYsPJ
— Babulal Marandi (@yourBabulal) April 28, 2026
पुलिस के अनुसार, मृतक पत्रकार ‘ABN आंध्र ज्योति’ से जुड़े थे, जबकि उनके साथी ‘प्रजाशक्ति’ में कार्यरत हैं। पुलिस की छह टीमें इस मामले की जांच कर रही हैं और शुरुआती जांच में यह संकेत मिले हैं कि हमले की पहले से रेकी की गई थी और पूरी साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया गया।
दूसरी घटना हजारीबाग में सामने आई, जहाँ इरफान अंसारी के समर्थकों पर एक पत्रकार से मारपीट करने का आरोप लगा है। जानकारी के मुताबिक, मंत्री शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में एक विमान हादसे के पीड़ितों से मिलने पहुंचे थे।
इसी दौरान News18 के पत्रकार सुशांत सोनी ने मुआवजे को लेकर सवाल पूछा, जिससे समर्थक भड़क गए और उन्होंने पत्रकार की लात-घूसों से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें भीड़ पत्रकार को घेरकर मारती हुई दिखाई दे रही है।
इस घटना के बाद पत्रकारों में आक्रोश फैल गया है। विरोध स्वरूप राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी गई है। वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इन दोनों घटनाओं ने देश में पत्रकारों की सुरक्षा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel