दिल्ली के लोगों को जल्द ही लंबे ट्रैफिक जाम, धुएँ और लगातार बजते हॉर्न से राहत मिलने की उम्मीद है। राजधानी के सबसे व्यस्त ट्रैफिक कॉरिडोर माने जाने वाले मुकरबा चौक, आउटर रिंग रोड और संजय गाँधी ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में दो बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को रेलवे की मंजूरी मिल गई है।
दिल्ली सरकार के अनुसार, हैदरपुर–बादली रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का विस्तार किया जाएगा, जबकि शालीमार बाग से संजय गाँधी ट्रांसपोर्ट नगर तक रेलवे ट्रैक के ऊपर एक एलिवेटेड लूप का निर्माण किया जाएगा। इन दोनों परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली में लंबे समय से बने भारी ट्रैफिक दबाव को कम करना है।
संजय गाँधी ट्रांसपोर्ट नगर को एशिया के सबसे बड़े ट्रांसपोर्ट हब्स में गिना जाता है, जहाँ रोजाना हजारों ट्रक और भारी वाहन आते-जाते हैं। इसी कारण मुकरबा चौक और आसपास के क्षेत्रों में अक्सर भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे लोगों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद होता है।
सरकार का दावा है कि ओवरब्रिज के चौड़ीकरण और नए एलिवेटेड लूप के निर्माण के बाद ट्रैफिक की रफ्तार बढ़ेगी और जाम की समस्या में बड़ी कमी आएगी। इससे पीतमपुरा, आजादपुर, मॉडल टाउन, वजीरपुर, केशवपुरम और शालीमार बाग जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि इन परियोजनाओं से न केवल यात्रा समय घटेगा बल्कि ईंधन की बचत, प्रदूषण में कमी और दिल्ली की सप्लाई चेन व व्यापारिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel