पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां निमता पुलिस ने देर रात छापेमारी कर 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों में 8 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक हैं, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा एक भारतीय नागरिक को भी गिरफ्तार किया गया है, जिस पर इन लोगों को शरण देने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक,
आरोपितों ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए भारत में अवैध रूप से रहना शुरू किया था। गिरफ्तार किए गए संदिग्धों की पहचान सुमन गाइन, बहारुल मंडल, अब्दुल रहमान सरदार, रियाज मंडल, इलिश सरदार, जाहारा बीबी, अनोवारा बीबी और सुमी बीबी के रूप में हुई है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने इनके पास से कई भारतीय पहचान पत्र जैसे पैन कार्ड और वोटर आईडी कार्ड बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि इन दस्तावेजों को कथित तौर पर फर्जी तरीके से तैयार कराया गया था।
इसके अलावा,
आरोपितों के पास से बांग्लादेश के जेसोर क्षेत्र का एक जन्म प्रमाणपत्र भी मिला है, जिससे उनके सीमा पार कर भारत आने के संकेत मिलते हैं।
सभी आरोपितों को बैरकपुर सब-डिविजनल कोर्ट में पेश किया गया। हालांकि, अदालत ले जाते समय कुछ आरोपितों ने खुद को निर्दोष बताते हुए दावा किया कि वे लंबे समय से भारत में रह रहे हैं और यहां मतदान भी कर चुके हैं।
फिलहाल जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने में किन स्थानीय लोगों या अधिकारियों की भूमिका हो सकती है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel