अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर रविवार को पूरे देश में भव्य योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Longevity) रखी गई, जिसका उद्देश्य लोगों को स्वस्थ, ऊर्जावान और दीर्घायु जीवन के लिए योग अपनाने के प्रति प्रेरित करना है।
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हजारों लोगों के साथ योगाभ्यास किया और देशवासियों को संबोधित करते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं उत्तर प्रदेश के झांसी किले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योगाभ्यास कर लोगों को नियमित योग अपनाने का संदेश दिया।
योग केवल व्यायाम नहीं, जीवन जीने की कला: PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक संपूर्ण कला है। उन्होंने कहा कि योग मनुष्य को उम्र बढ़ने के बावजूद युवा, ऊर्जावान और मानसिक रूप से मजबूत बनाए रखने में मदद करता है।
मोदी ने कहा कि हमारा लक्ष्य ऐसा होना चाहिए कि 40 वर्ष की आयु में हम 20 वर्ष की उम्र से अधिक लचीले और 50 वर्ष की आयु में 30 वर्ष की उम्र से अधिक ऊर्जावान महसूस करें। उन्होंने कहा कि योग शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ मानसिक तनाव को भी कम करता है।
योग पूरी मानवता को जोड़ने की शक्ति रखता है
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज योग विश्व को जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने बताया कि दुनिया भर में भारतीय दूतावासों और मिशनों द्वारा लगभग 2500 स्थानों पर योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं भारत में 100 से अधिक प्रमुख सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों पर सामूहिक योग कार्यक्रम हुए हैं।
उन्होंने कहा कि योग किसी धर्म, जाति या देश की सीमाओं में बंधा नहीं है, बल्कि यह पूरी मानवता को जोड़ने वाली शक्ति है।
From physical wellness to inner peace, yoga enriches every aspect of life. Delighted to join this year’s celebrations in Kolkata. https://t.co/75UZECw8JR
— Narendra Modi (@narendramodi) June 21, 2026
बंगाल की आध्यात्मिक परंपरा का किया उल्लेख
कोलकाता से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का भी उल्लेख किया। उन्होंने संत रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, लाहिड़ी महाशय, महर्षि अरविंद और गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर को याद करते हुए कहा कि ऐसी पुण्यभूमि पर सामूहिक योग करना एक विशेष आध्यात्मिक अनुभव है।
प्रधानमंत्री ने योग दिवस के अवसर पर चलाए गए स्वच्छता अभियान की भी सराहना की और नागरिकों से स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
देशभर में योग दिवस की धूम
उत्तर प्रदेश के झांसी किले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योगाभ्यास करते हुए कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने योग को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना की।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मेघालय के शिलांग में योग किया, जबकि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, मनसुख मंडाविया और बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने भी विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर लोगों को योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रयागराज में संगम तट पर हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी उपस्थित रहे।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर झांसी में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में… https://t.co/Rs4DuH1dOo
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 21, 2026
योग से स्वस्थ भारत का संकल्प
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर देशभर में करोड़ों लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। सरकार और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों ने एक बार फिर साबित किया कि योग आज केवल भारत की नहीं बल्कि पूरी दुनिया की जीवनशैली बन चुका है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel