लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की E20 पेट्रोल नीति (20% एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार (7 अगस्त 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक 53 सेकंड का वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने इस नीति को उपभोक्ताओं पर सीधा हमला और भ्रष्टाचार का जरिया बताया। साथ ही, इसके खिलाफ एक बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी। हालांकि, इस वीडियो में एक ऐसा विडंबनापूर्ण मोड़ आया, जिसने सोशल मीडिया पर तुरंत सुर्खियां बटोर लीं और राहुल गांधी एक बार फिर यूजर्स के निशाने पर आ गए।
“दाल में कुछ काला नहीं, पूरी दाल ही काली है”
वीडियो में राहुल गांधी एक आधुनिक SUV के पास खड़े नजर आते हैं। अपनी बात को वजन देने के लिए वह गाड़ी का फ्यूल टैंक ढक्कन खोलते हैं, अंदर झांकते हैं और फिर कैमरे की तरफ मुखातिब होते हैं। इस दौरान उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “E20 का मुद्दा बहुत बड़ा मुद्दा है। आमतौर पर हम कहते हैं कि दाल में कुछ काला है, लेकिन यहाँ पूरी दाल ही काली है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि E20 ईंधन लागू होने से लोगों की कारें और स्कूटर बर्बाद हो रहे हैं, लोगों की जिंदगी पर असर पड़ रहा है और यह सीधे तौर पर जनता की जेब पर डाका है। कॉन्ग्रेस पार्टी ने इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर बड़े पैमाने पर उठाने का संकल्प लिया है।
E20 – दाल में काला नहीं, पूरी दाल ही काली है। pic.twitter.com/Unw7UfNt9k
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) August 7, 2026
वीडियो में छिपा था वह ‘पेंच’, जिसने उड़ाया मजाक
राहुल गांधी चाहे जितने भी गंभीर आरोप लगा रहे हों, लेकिन उनके वीडियो का एक हिस्सा सोशल मीडिया यूजर्स की नजरों से नहीं बच सका। जब राहुल गांधी ने गाड़ी का फ्यूल टैंक ढक्कन खोला, तो उसके कैप (ढक्कन) पर साफ-साफ लिखा हुआ दिखाई दिया कि वह वाहन ‘E20’ अनुकूल (Compatible) है।
यानी जिस गाड़ी का इस्तेमाल वह यह साबित करने के लिए कर रहे थे कि E20 ईंधन गाड़ियां बर्बाद कर रहा है, वह गाड़ी खुद 20% एथेनॉल मिले ईंधन पर चलने के लिए ही डिजाइन की गई थी। इस विरोधाभास के सामने आते ही इंटरनेट पर मीम्स और आलोचनाओं की बाढ़ आ गई।
विपक्ष ने पहले क्यों नहीं उठाया मुद्दा?
जब उनसे यह सवाल किया गया कि विपक्ष ने इस मुद्दे को पहले क्यों नहीं उठाया, तो राहुल गांधी ने कहा कि यह प्राथमिकताओं और मुद्दों के क्रम (Sequence) का मामला है। देश में भ्रष्टाचार और समस्याओं की इतनी लंबी सूची है कि मुद्दों को क्रमबद्ध करना पड़ता है। आपको बता दें कि E20 के विरोध में हाल ही में आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भी मार्च निकाला था, और अब कॉन्ग्रेस भी इसे एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाने की तैयारी में है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel