उत्तराखंड के चमोली जिले के मायापुर (पीपलकोटी) में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने मौके पर अधिकारियों और रेस्क्यू टीमों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली तथा टनल में फंसे शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी टनल के अंदर भी पहुंचे और वहां चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और अन्य बचाव एजेंसियों के अधिकारियों एवं जवानों से बातचीत कर रेस्क्यू ऑपरेशन की स्थिति समझी।
विष्णुगाड-पीपलकोटी परियोजना की TRT टनल में हादसा
यह हादसा टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टीआरटी टनल में हुआ है। टनल की कुल लंबाई लगभग 3 किलोमीटर बताई गई है। जानकारी के अनुसार, टनल के करीब 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण अचानक मलबा और पानी आने की स्थिति पैदा हो गई, जिससे वहां काम कर रहे लोग फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। टनल के अंदर से लोगों को निकालने के लिए विशेषज्ञ टीमों और आधुनिक उपकरणों की मदद ली जा रही है।
22 में से 19 लोगों को बाहर निकाला गया
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को हादसे के घटनाक्रम और अब तक चले रेस्क्यू अभियान की विस्तृत जानकारी दी। प्रशासन के मुताबिक, टनल में फंसे कुल 22 लोगों में से 19 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है, जबकि शेष 3 लोगों की तलाश और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
घटना में अब तक 7 लोगों की मौत की सूचना है। रेस्क्यू किए गए घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर पहुंचाया गया है। वहां स्वास्थ्य विभाग और डॉक्टरों की टीम घायलों का उपचार करने के साथ उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।
CM धामी ने दिए रेस्क्यू अभियान तेज करने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि टनल में फंसे शेष तीन लोगों को बाहर निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन में उपलब्ध सभी संसाधनों, आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञों की सेवाओं का प्रभावी इस्तेमाल करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस, प्रशासन और टीएचडीसी की टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि टनल के भीतर परिस्थितियों को देखते हुए बचाव अभियान पूरी सावधानी और गंभीरता के साथ चलाया जाए।
VIDEO | Chamoli: Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) visits inside the under construction tunnel at a hydroelectric project site, where seven workers died after water gushed inside. pic.twitter.com/ngyYnVFRxE
— Lokmat Times Nagpur (@LokmatTimes_ngp) August 14, 2026
घायलों के इलाज और परिजनों की सहायता के निर्देश
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि रेस्क्यू अभियान के साथ-साथ घायलों के उपचार में किसी तरह की कमी न रहे। अस्पताल में सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और घायलों की स्थिति की लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही हादसे से प्रभावित परिवारों और मौके पर मौजूद परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया है। घटनास्थल पर प्रशासनिक एवं चिकित्सा व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को लगातार समन्वय में काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल टनल में फंसे शेष तीन लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और बचाव दल टनल के प्रभावित हिस्से तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel