स्वतंत्रता दिवस से पहले भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI समर्थित बताए गए ‘शहजाद भट्टी नेटवर्क’ (SBN) के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। गृह मंत्रालय के मुताबिक, 12 अगस्त 2026 को 14 राज्यों में एक साथ चलाए गए ऑपरेशन में 253 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि इस नेटवर्क से जुड़े मामलों में अब तक 200 से अधिक गिरफ्तारियां और 80 से ज्यादा FIR दर्ज की जा चुकी हैं।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 17 अगस्त को जारी बयान में कहा कि यह अभियान स्वतंत्रता दिवस के आसपास SBN से जुड़ी कथित विध्वंसक गतिविधियों को रोकने के लिए चलाया गया था। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और विभिन्न राज्यों की पुलिस के बीच रियल टाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग के आधार पर एक साथ कई स्थानों पर कार्रवाई की गई।
Modi govt destroyed the ISI-backed terror group Shahzad Bhatti Network ahead of Independence Day and thwarted its plans for subversive attacks by arresting more than 200 operatives.
Indian security forces ripped apart the network by launching coordinated operations across…
— Amit Shah (@AmitShah) August 17, 2026
14 राज्यों में एक साथ चला ऑपरेशन
गृह मंत्रालय के मुताबिक, 12 अगस्त को हुई कार्रवाई में उत्तर प्रदेश से 62, हरियाणा से 52, दिल्ली से 51, पंजाब से 44, राजस्थान से 15, महाराष्ट्र से 8 और उत्तराखंड से 5 लोगों को हिरासत में लिया गया। कर्नाटक, गुजरात और बिहार में तीन-तीन, जबकि तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और केरल में दो-दो लोगों को हिरासत में लेने की जानकारी दी गई है। दिल्ली और कर्नाटक में नए मामले भी दर्ज किए गए।
हालांकि, गृह मंत्रालय ने पूरे अभियान का आधिकारिक कुल आंकड़ा 253 हिरासत बताया है। नेटवर्क के खिलाफ विभिन्न मामलों में अब तक 200 से ज्यादा गिरफ्तारियां दर्ज की गई हैं।
UAPA समेत कई कड़े कानूनों के तहत केस
SBN से संबंधित 80 से अधिक FIR में UAPA, भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट, NDPS एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम समेत विभिन्न कानूनों के तहत कार्रवाई की गई है। सुरक्षा एजेंसियां नेटवर्क से जुड़े कथित स्थानीय सहयोगियों, वित्तीय लेन-देन और संपर्कों की भी जांच कर रही हैं।
IED, पाकिस्तानी मार्किंग वाले ग्रेनेड और हथियार बरामद
कार्रवाई के दौरान एजेंसियों ने IED, पिस्तौल, जिंदा कारतूस और पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री की मार्किंग वाले ग्रेनेड बरामद किए हैं। इसके अलावा ऐसे CCTV कैमरे भी जब्त किए गए हैं जिनका कथित तौर पर जासूसी और निगरानी के लिए इस्तेमाल किया जाता था। गृह मंत्रालय ने इन बरामदगियों को नेटवर्क के सीमा पार संबंधों का प्रमाण बताया है।
क्या है शहजाद भट्टी नेटवर्क?
गृह मंत्रालय के अनुसार, Shahzad Bhatti Network पाकिस्तान स्थित और ISI समर्थित आतंकी सिंडिकेट है। एजेंसियों का आरोप है कि नेटवर्क भारत में ग्रेनेड हमलों, IED विस्फोट, पेट्रोल बम हमलों और टारगेट किलिंग जैसी गतिविधियों से जुड़ा रहा है।
आरोप है कि नेटवर्क स्थानीय सहयोगियों को पैसे देकर पुलिस प्रतिष्ठानों, रक्षा ठिकानों और धार्मिक स्थलों की रेकी करवाता था। संवेदनशील स्थानों की जानकारी जुटाने के साथ कुछ जगहों पर जासूसी के मकसद से CCTV कैमरे लगाने का भी आरोप है।
अमित शाह बोले- आतंकी मंसूबों को किया नाकाम
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 17 अगस्त को X पर इस अभियान को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता बताया। शाह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पहले ISI समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई कर 200 से अधिक ऑपरेटिव को गिरफ्तार किया गया और कथित विध्वंसक हमलों की योजना को विफल किया गया। उन्होंने 14 राज्यों में समन्वित कार्रवाई को भारत की आतंकवाद के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का उदाहरण बताया।
गृह मंत्रालय ने भी कहा है कि सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों और राज्य पुलिस के बीच समन्वित अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel