Skip to content
Sunday, November 15, 2026 Ahmedabad 23°C

अबू सलेम को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका, समय से पहले रिहाई की याचिका खारिज

अबू सलेम को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका, समय से पहले रिहाई की याचिका खारिज

1993 के मुंबई सीरियल ब्लास्ट मामले के दोषी गैंगस्टर अबू सलेम को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को समय से पहले रिहाई की मांग को लेकर दायर अबू सलेम की याचिका खारिज कर दी। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच ने बॉम्बे हाई कोर्ट के अप्रैल में दिए गए फैसले को बरकरार रखा। सुप्रीम कोर्ट ने 27 जुलाई को इस मामले में सुनवाई पूरी करने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था।

अबू सलेम ने क्यों मांगी थी समय से पहले रिहाई?

अबू सलेम की ओर से दलील दी गई थी कि जेल की सजा में मिलने वाली छूट यानी रिमिशन को भी शामिल किया जाए तो वह 25 साल की सजा पूरी कर चुका है। इसी आधार पर उसने जेल से रिहा किए जाने की मांग की थी।

हालांकि, बॉम्बे हाई कोर्ट ने उसकी इस दलील को स्वीकार नहीं किया था। हाई कोर्ट का कहना था कि अबू सलेम की याचिका समय से पहले दाखिल की गई है और उसकी 25 साल की अवधि वर्ष 2030 में पूरी होगी। हाई कोर्ट ने उसकी याचिका को समयपूर्व और गलत धारणा पर आधारित बताते हुए खारिज कर दिया था।

इसके बाद अबू सलेम ने बॉम्बे हाई कोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। अब सुप्रीम कोर्ट ने भी हाई कोर्ट के फैसले को सही ठहराते हुए उसकी याचिका खारिज कर दी है।

पुर्तगाल से प्रत्यर्पण की शर्तों का दिया हवाला

अबू सलेम की दलील का अहम आधार पुर्तगाल से उसका प्रत्यर्पण था। सलेम का कहना था कि भारत और पुर्तगाल के बीच उसके प्रत्यर्पण के दौरान तय की गई शर्तों के अनुसार उसकी जेल की सजा 25 साल से अधिक नहीं हो सकती।

PTI के मुताबिक, प्रत्यर्पण से जुड़ी शर्तों के तहत अबू सलेम को भारत में मौत की सजा नहीं दी जा सकती और उसकी कैद 25 वर्ष से अधिक नहीं हो सकती। सलेम ने इसी आधार पर दावा किया था कि वह अपनी अधिकतम सजा की अवधि पूरी कर चुका है। अदालत ने फिलहाल उसकी समय से पहले रिहाई की मांग स्वीकार नहीं की है।

पहले भी रिहाई की कोशिश को लगा था झटका

यह पहली बार नहीं है जब अबू सलेम को रिहाई की मांग पर अदालत से राहत नहीं मिली है। फरवरी 2026 में भी सुप्रीम कोर्ट ने उसकी रिहाई से जुड़ी एक याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद सलेम ने कानूनी विकल्पों के जरिए अपनी रिहाई का प्रयास जारी रखा।

ताजा फैसले के बाद फिलहाल उसके जेल से समय से पहले बाहर आने का रास्ता बंद हो गया है। बॉम्बे हाई कोर्ट के मुताबिक उसकी 25 वर्ष की अवधि 2030 में पूरी होगी।

क्या है 1993 मुंबई सीरियल ब्लास्ट केस?

12 मार्च 1993 को मुंबई एक के बाद एक हुए भीषण बम धमाकों से दहल गई थी। शहर में 12 जगहों पर सिलसिलेवार विस्फोट हुए थे। इन धमाकों में 250 से अधिक लोगों की मौत हुई थी, जबकि 700 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इस हमले को भारत के सबसे भयावह आतंकी हमलों में गिना जाता है।

अबू सलेम पर मुंबई ब्लास्ट की साजिश में शामिल लोगों तक हथियार और विस्फोटक पहुंचाने समेत गंभीर आरोप लगे थे। लंबे समय तक विदेश में रहने के बाद उसे वर्ष 2005 में पुर्तगाल से भारत प्रत्यर्पित किया गया। बाद में अदालत ने उसे 1993 मुंबई सीरियल ब्लास्ट मामले में दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई।

अब सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसले ने साफ कर दिया है कि अबू सलेम को फिलहाल समय से पहले रिहाई का लाभ नहीं मिलेगा।

 

हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे

Like, Share and Subscribe our YouTube channel

🔗 https://www.youtube.com/@oneindianewscom-Gujarat

🔗 https://www.youtube.com/@oneindianewscom

Filed under Delhi India

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.