उत्तराखंड के हल्द्वानी में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान करियर, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, खेल और उत्तराखंड के भविष्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
युवा संवाद के दौरान प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे युवाओं ने देश और उत्तराखंड के विकास से जुड़े विषयों पर बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री से सवाल पूछे। युवाओं ने सरकार की विभिन्न योजनाओं को लेकर अपने अनुभव साझा किए और रोजगार, स्वरोजगार तथा प्रदेश में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने को लेकर कई सुझाव भी रखे।
#WATCH | Haldwani: Uttarakhand Chief Minister Pushkar Singh Dhami says, "…Just as a military commander energizes their entire army, prepares them for every conceivable situation, and ensures victory on every front, instilling in them a sense of resolute determination rather… https://t.co/VEPcojttIf pic.twitter.com/hQvMXTOp1n
— ANI (@ANI) September 10, 2026
AI, स्टार्टअप और डिजिटल तकनीक में युवाओं के लिए नए अवसर: नितिन नबीन
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की युवा शक्ति को नई दिशा देने के साथ युवाओं के लिए लगातार नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और खेलो इंडिया जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों ने युवाओं को अपनी प्रतिभा, क्षमता और कौशल के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए एक बड़ा मंच उपलब्ध कराया है।
उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं है, बल्कि रोजगार देने वाला और नए अवसर पैदा करने वाला भी बन रहा है। बदलती अर्थव्यवस्था और तेजी से विकसित होती तकनीक के दौर में युवाओं की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
नितिन नबीन के मुताबिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्टअप, इनोवेशन, डिजिटल तकनीक और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में संभावनाओं के नए द्वार खुले हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवा प्रतिभा और क्षमता से भरपूर हैं और यदि उनकी ऊर्जा को प्रदेश के विकास से सही तरीके से जोड़ा जाए तो उत्तराखंड को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
पहाड़ी क्षेत्रों में स्थानीय रोजगार बढ़ाने पर जोर
नितिन नबीन ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना बेहद जरूरी है। उन्होंने पर्यटन, कौशल विकास, स्टार्टअप और उद्यमिता के माध्यम से युवाओं के लिए अवसर पैदा करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि युवाओं के विचार, सुझाव और आकांक्षाएं उत्तराखंड के भविष्य की दिशा निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने युवाओं से भविष्य की चुनौतियों को अवसरों में बदलने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
सोशल मीडिया का सकारात्मक इस्तेमाल करें युवा
बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने युवाओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक और जिम्मेदार उपयोग करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज बेहद प्रभावशाली माध्यम बन चुका है और इसका इस्तेमाल देश तथा समाज के विकास से जुड़े सकारात्मक संदेशों को आगे बढ़ाने के लिए किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए देश के सभी नागरिकों को मिलकर काम करना होगा। साथ ही युवाओं से राजनीति और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भागीदारी कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की भी अपील की।
नितिन नबीन ने युवाओं को समय प्रबंधन की अहमियत भी समझाई। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए समय का सही उपयोग और अनुशासन बेहद जरूरी है।
34 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति: CM धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवा संवाद को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। भारत की विशाल युवा आबादी देश को नई ऊर्जा, नई सोच और नया सामर्थ्य दे रही है। तकनीक, नवाचार और डिजिटल क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलाव के कारण युवाओं के लिए अवसर लगातार बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 4 जुलाई 2021 को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद उनकी सरकार ने “पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी, दोनों उत्तराखंड के काम आएं” के संकल्प के साथ काम शुरू किया।
धामी ने दावा किया कि राज्य सरकार ने सरकारी विभागों में खाली पदों को भरने की प्रक्रिया तेज की और अब तक करीब 34 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी जा चुकी हैं।
LIVE: हल्द्वानी, नैनीताल में आयोजित गौरव सेनानी मिलन समारोहhttps://t.co/tmtgSWw5wk
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) September 10, 2026
नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सरकार ने कठोर कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि नकल माफिया के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को जेल भेजा गया और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्त शिकंजा कसा गया।
धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल युवाओं को सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के क्षेत्र में भी नए अवसर तैयार करना है।
उन्होंने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, कौशल विकास योजनाओं, होम स्टे और मुख्यमंत्री उद्यमान खिलाड़ी योजना सहित कई योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे युवाओं को अपने पैरों पर खड़े होने के अवसर मिल रहे हैं।
राष्ट्रीय खेलों में 100 से ज्यादा पदक जीतने का किया जिक्र
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खेलों के क्षेत्र में उत्तराखंड की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य में खेल से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिलाओं के लिए स्पोर्ट्स कॉलेज की दिशा में काम आगे बढ़ाया गया है। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों द्वारा 100 से अधिक पदक जीतने को राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
धामी के मुताबिक खिलाड़ियों की यह सफलता उत्तराखंड में बदलते खेल वातावरण और राज्य की बढ़ती खेल प्रतिभा को दर्शाती है।
पर्यटन, रोबोटिक्स और नई तकनीक में भी रोजगार की संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन, स्थानीय उत्पादों, विज्ञान, इनोवेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और नई तकनीकों से जुड़े क्षेत्रों में युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया। सरकार का प्रयास है कि औद्योगिक गतिविधियां केवल मैदानी क्षेत्रों तक सीमित न रहें, बल्कि पर्वतीय क्षेत्रों में भी रोजगार के नए अवसर विकसित हों।
प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त कोचिंग की सुविधा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को समान अवसर देने के लिए सरकार द्वारा निःशुल्क कोचिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और सामर्थ्य ही विकसित उत्तराखंड के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि युवाओं को शिक्षा, रोजगार, खेल, कौशल और उद्यमिता के क्षेत्र में अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
कार्यक्रम में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, विभिन्न जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel