Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 34°C

वर्तमान में ये होंगी इकलौती हाईकोर्ट महिला चीफ जस्टिस, SC ने की नाम की सिफारिश

वर्तमान में ये होंगी इकलौती हाईकोर्ट महिला चीफ जस्टिस, SC ने की नाम की सिफारिश

सुप्रीम कोर्ट की तीन सदस्यों वाली कॉलेजियम ने हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के तौर पर नियुक्त करने के लिए केंद्र सरकार को सात जजों के नाम सुझाए हैं. सुप्रीम कोर्ट के इस कॉलेजियम का नेतृत्व चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ कर रहे थे. कॉलेजियम की तरफ से केंद्र को जो नाम सुझाए गए हैं, उसमें इलाहाबाद हाईकोर्ट की एक महिला जज भी शामिल है. अगर उनकी नियुक्ति होती है, तो वह देश की इकलौती महिला चीफ जस्टिस बनेंगी.

दरअसल, चीफ जस्टिस चंद्रचूड़, जस्टिस संजय किशन कौल और संजीव खन्ना ने गुजरात हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के तौर पर जस्टिस सुनीता अग्रवाल का नाम सुझाया है. जस्टिस सोनिया जे गोकानी के रिटायरमेंट होने के बाद से ही ये पद खाली पड़ा है. कॉलेजियम की तरफ से ये भी बताया गया है कि आखिर क्यों उनके नाम की सिफारिश की गई है.

क्यों जस्टिस सुनीता अग्रवाल के नाम की हुई सिफारिश?

कॉलेजियम के प्रस्ताव में बताया गया कि सुनीता अग्रवाल को इलाहाबाद हाईकोर्ट में 21 नवंबर, 2011 को जज नियुक्ति किया गया. वह इलाहाबाद हाईकोर्ट में सबसे वरिष्ठ जज हैं. जस्टिस सुनीता प्रमोशन के बाद से ही हाईकोर्ट में काम कर रही हैं. देश के सबसे बड़े हाईकोर्ट में काम करने का उनके पास 11 सालों का एक्सपीरियंस है. वह देश में एकमात्र महिला चीफ जस्टिस हो सकती हैं, क्योंकि वर्तमान में किसी भी हाईकोर्ट में एक भी महिला चीफ जस्टिस नहीं है.

मणिपुर HC के लिए जस्टिस सिद्धार्थ का नाम आगे

दिल्ली हाईकोर्ट के जस्टिस सिद्धार्थ मृदुल का नाम मणिपुर हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के तौर पर सुझाया गया है. यहां गौर करने वाली बात ये है कि जस्टिस धीरज सिंह ठाकुर की नियुक्ति के लिए कॉलेजियम के 9 फरवरी के फैसले को निरस्त करते हुए जस्टिस सिद्धार्थ मृदुल की सिफारिश की गई है. फरवरी में सुझाए गए नाम पर केंद्र सरकार ने आज तक कोई कार्रवाई नहीं, जिसके बाद नए नाम सुझाए गए हैं.

बॉम्बे HC के लिए जस्टिस देवेंद्र के नाम की सिफारिश

कॉलेजियम ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय के नाम की सिफारिश बॉम्बे हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के तौर पर की गई है. जस्टिस रमेश डी धानुका के रिटायरमेंट के बाद से ही ये पोस्ट खाली है. हाईकोर्ट जज के तौर पर जस्टिस उपाध्याय की नियुक्ति भी 21 नवंबर, 2011 को की गई थी. ठीक उसी दिन जिस दिन जस्टिस सुनीता की नियुक्ति हुई थी.

Filed under India

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.