पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। इसी बीच एक भारतीय महिला पाकिस्तान जाने के कारण चर्चा में आ गई है। इस महिला का नाम अंजू है। वह राजस्थान के भिवाड़ी की रहने वाली है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार वह पति को जयपुर घूमने की बात कहकर घर से निकली थी। लेकिन पाकिस्तान पहुँच गई। कहा जा रहा है कि फेसबुक दोस्त नसरुल्लाह से मिलने वह पाकिस्तान गई। एक तरफ अंजू का दावा है कि वह सीमा हैदर जैसी नहीं है और एक शादी में शामिल होने पाकिस्तान आई है। वहीं नसरुल्लाह का कहना है कि अंजू उससे सगाई करने आई है और इसके बाद वापस भारत लौट जाएगी।
अंजू मूल रूप से मध्य प्रदेश के ग्वालियर की रहने वाली है। साल 2007 में उसकी शादी उत्तर प्रदेश के बलिया के अरविंद से हुई। अरविंद ईसाई है। शादी के बाद अंजू भी ईसाई बन गई। वह राजस्थान के भिवाड़ी में अपने पति और 2 बच्चों के साथ रहती है। अंजू का कहना है कि साल 2020 में फेसबुक के जरिए उसकी दोस्ती पाकिस्तान के ख़ैबर पख्तूनख्वा प्रांत के दीर बाला जिले में रहने वाले नसरुल्लाह से हुई। दोनों के बीच बीते 3 साल से बातचीत हो रही थी।
पाकिस्तान से अंजू ने जारी किया वीडियो, कहा- जल्द लौटूंगी वापस, परिवार को न करें परेशान
फेसबुक दोस्त से मिलने गई अंजू ने पाकिस्तान से एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में अंजू ने कहा है कि उसके परिवार को परेशान न किया जाए। वह दो-तीन दिन में वापस भी लौट आएगी। pic.twitter.com/Mt1xbFzjAp
— Nitesh Srivastava (@nitesh_sriv) July 24, 2023
अंजू ने 21 जुलाई को अपने पति अरविंद से कहा था कि वह जयपुर घूमने जा रही है। लेकिन वह भिवाड़ी से दिल्ली आई। फिर वहाँ से अमृतसर पहुँची और बाघा बॉर्डर पारकर पाकिस्तान पहुँच गई। उसके पास पासपोर्ट और पाकिस्तान जाने के लिए वीजा था, इसलिए उसे बॉर्डर पार करने में कोई समस्या नहीं हुई। उसने पासपोर्ट 2020 में बनवाया था। अंजू का दावा है कि वह एक शादी में शामिल होने के लिए पाकिस्तान आई है। यहाँ वह नसरुल्लाह के घर पर रुकी है।
अंजू ने यह भी कहा है कि सीमा हैदर से उसकी तुलना गलत है। वह 2-4 दिन में ही वापस आ जाएगी। उसने यह भी कहा है कि वह बच्चों को पढ़ाने और नौकरी करने के लिए पति के साथ रह रही थी। लेकिन भारत वापस आने के बाद बच्चों को लेकर पति से अलग हो जाएगी। इसके अलावा अंजू ने एक वीडियो जारी कर अपने रिश्तेदारों और बच्चों को परेशान न करने की रिक्वेस्ट की है।