हरियाणा के गुरुग्राम में एक बार फिर खेल मैदानों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सेक्टर-84 स्थित अंतरिक्ष हाइट्स (Antriksh Heights) सोसायटी में बास्केटबॉल खेल रहे एक किशोर पर अचानक बास्केटबॉल का पोल गिर गया। हादसे में लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद सोसायटी की मेंटेनेंस व्यवस्था और सुरक्षा मानकों को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
यह घटना इसलिए भी चिंता बढ़ाने वाली है क्योंकि नवंबर 2025 में हरियाणा में बास्केटबॉल पोल गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में दो खिलाड़ियों की मौत हो चुकी थी। इसके बावजूद सुरक्षा मानकों के पालन में लापरवाही के आरोप फिर सामने आए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, गुरुग्राम के सेक्टर-84 स्थित अंतरिक्ष हाइट्स सोसायटी के बास्केटबॉल कोर्ट में करीब 9 से 10 लड़के खेल रहे थे। खेल के दौरान एक लड़का बास्केटबॉल पोल की ओर झूला या उस पर पलटा, तभी अचानक पूरा पोल अपनी जगह से उखड़कर नीचे गिर गया।
पोल सीधे नीचे खड़े सफेद टी-शर्ट पहने एक लड़के के सिर और शरीर पर गिरा, जिससे वह पोल के नीचे दब गया। आसपास मौजूद अन्य बच्चों ने तुरंत दौड़कर पोल हटाया और घायल लड़के को बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मेंटेनेंस व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद सोसायटी की मेंटेनेंस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सोसायटी के निवासी हर महीने मेंटेनेंस शुल्क का भुगतान करते हैं, ताकि खेल उपकरण, पार्क और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं का समय-समय पर निरीक्षण और रखरखाव हो सके।
हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई जगह पुराने और जर्जर उपकरणों की नियमित जांच नहीं होती, जिससे इस तरह के हादसों का खतरा लगातार बना रहता है।
2025 में भी हुई थीं दो दर्दनाक मौतें
यह पहली बार नहीं है जब बास्केटबॉल पोल गिरने से बड़ा हादसा हुआ हो। नवंबर 2025 में हरियाणा के रोहतक और झज्जर में अलग-अलग घटनाओं में बास्केटबॉल पोल गिरने से दो खिलाड़ियों हार्दिक राठी और अमन की मौत हो गई थी।
इन घटनाओं के बाद राज्य सरकार ने संबंधित जिला खेल अधिकारियों को निलंबित किया था और प्रदेशभर में बास्केटबॉल पोलों की जांच के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद गुरुग्राम की ताजा घटना यह सवाल खड़ा करती है कि क्या सुरक्षा जांच केवल कागजों तक ही सीमित रह गई?
सुरक्षा मानकों पर फिर उठी बहस
विशेषज्ञों का मानना है कि खेल परिसरों और सोसायटी के कॉमन एरिया में लगे बास्केटबॉल पोल, फुटबॉल पोस्ट और अन्य खेल उपकरणों का नियमित तकनीकी निरीक्षण किया जाना चाहिए। यदि समय रहते रखरखाव न किया जाए तो इस तरह के उपकरण बच्चों और खिलाड़ियों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं।
गुरुग्राम की इस घटना के बाद एक बार फिर मांग उठ रही है कि सभी आवासीय सोसायटियों और खेल परिसरों में लगे खेल उपकरणों की तत्काल सुरक्षा जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel