Skip to content
Wednesday, October 28, 2026 Ahmedabad 31°C

‘बारिश कम हो या ज्यादा, परेशान होने की जरूरत नहीं’, यूपी के किसानों को CM योगी ने दिया ये संदेश

‘बारिश कम हो या ज्यादा, परेशान होने की जरूरत नहीं’, यूपी के किसानों को CM योगी ने दिया ये संदेश

उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शनिवार को कहा कि किसानों को कम या ज्यादा बारिश से परेशान होने की जरूरत नहीं है क्योंकि सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। योगी ने एक उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों में अल्पवृष्टि के मद्देनजर किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की और अधिकारियों को सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। एक बयान के मुताबिक, मुख्‍यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नहरों में हर हाल में टेल तक पानी पहुंचाया जाए। उन्होंने सिंचाई और विद्युत विभाग से हमेशा अलर्ट मोड में रहने को कहा।

‘किसानों की जरूरतों का पूरा ध्यान रखा जाए’

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों को छोड़कर ज्यादातर जिलों में पिछले वर्ष की तरह इस बार भी बारिश असामान्य है, ऐसे में किसानों की जरूरतों का पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा, ‘प्रदेश के सभी किसानों के खेत में हर हाल में पानी पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए नदियों के पानी को नहरों की तरफ मोड़ने की व्यवस्था करें। इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि पानी हर हाल में नहर की टेल तक पहुंचे। नहरों की सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त लगाए और यह सुनिश्चित करे कि बीच में कोई नहरों को काटने न पाए।’

‘अन्नदाता किसानों का हित हमारी प्राथमिकता’

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के अन्नदाता किसानों का हित हमारी प्राथमिकता है, ऐसे में अल्पवृष्टि के प्रभावों का सर्वे कराकर सटीक आकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि जलाशयों में जमी गाद की सफाई कराई जाए और अल्पवृष्टि के मद्देनजर किसानों को अन्य वैकल्पिक फसलों की बुवाई के लिए प्रोत्साहित किया जाए। योगी ने यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि नलकूपों और पंप नहरों को पर्याप्त बिजली की सप्लाई हो। उन्होंने कहा कि अल्पवृष्टि की पाक्षिक रिपोर्ट बनाकर केंद्र सरकार को भेजी जाए और निजी ट्यूबवेल संचालकों को वर्षा जल संचयन के लिए प्रेरित किया जाए।

देश के कई हिस्सों में हो रही असामान्य बारिश

बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मॉनसून से अब तक कुल 281.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य बारिश का 84.3 प्रतिशत है। इसमें कृषि मंत्री की ओर से बताया गया कि प्रदेश में धान की अब तक 86.07 प्रतिशत बुवाई हो चुकी है। बता दें कि उत्तर प्रदेश के साथ-साथ देश के कई हिस्सों में असामान्य बारिश ने किसानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं।

Filed under Uttar Pradesh

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.