Skip to content
Thursday, October 29, 2026 Ahmedabad 31°C

भट्ठी से मिले हाथ के टुकड़े, सिर और छाती नदी से… राजस्थान में रेप के बाद नाबालिग लड़की को आरी से काट डाला, गुर्जर समाज का तगड़ा प्रदर्शन

भट्ठी से मिले हाथ के टुकड़े, सिर और छाती नदी से… राजस्थान में रेप के बाद नाबालिग लड़की को आरी से काट डाला, गुर्जर समाज का तगड़ा प्रदर्शन

राजस्थान के भीलवाड़ा स्थित नरसिंगपुर में एक नाबालिग लड़की से बलात्कार के बाद उसकी हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। 14 साल की लड़की के साथ रेप के बाद न सिर्फ उसकी हत्या कर दी गई, बल्कि शव को भट्ठी में डाल कर जला भी डाला गया। इस मामले में पुलिस ने 4 आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2 सगे भाई हैं। वहीं 5 अन्य आरोपित फरार हैं, जिनमें 2 महिलाएँ हैं। राज्य सरकार ने मृतका के परिजनों को 10 लाख रुपए देने का आश्वासन दिया है।

साथ ही इंदिरा आवास योजना के तहत घर दिए जाने की बात भी कही गई है। कॉन्ग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने खुद की तरफ से ढाई लाख रुपए मृतका के परिजनों को देने की बात कही है। हालाँकि, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सरकार पहले से ही निशाने पर है। पुलिस ने स्पेशल केस बना कर इस मामले की जाँच करने की बात कही है। सीएम गहलोत ने भी इसका संज्ञान लेकर कार्रवाई के आदेश अधिकारियों को दिए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा नेता वसुंधरा राजे ने इस घटना की निंदा की है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि नाबालिग के अवशेष भट्ठी से प्राप्त होना बेटियों की सुरक्षा के लिए चिंतित राजस्थान की जनता का दर्द और बढ़ाने वाला है। भाजपा ने प्रदेश की चौपट कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। ताज़ा मामले में जहाँ नाबालिग को पीटा गया, वहीं फिर गला दबा कर उसकी हत्या कर दी गई। पहचान छिपाने के लिए कोयले की भट्ठी में शव डाल दिया गया और शव का बाकी हिस्सा नदी में फेंक दिया गया।

आरी से नाबालिग के गर्दन और हाथ के टुकड़े किए गए। नाबालिग लड़की के पिता के खेत में ही इस वारदात को अंजाम दिया गया, जिसे उन्होंने कोयला बनाने वालों को किराए पर दिया था। 300 किलोग्राम से ज़्यादा कोयले और राख बाहर निकालने पड़े, तब जाकर नाबालिग के शव के टुकड़े मिले। भट्ठी में पहले पानी डाल कर उसे ठंडा किया गया था, जिसके बाद नाबालिग के अधजले हाथ के टुकड़े और चाँदी का कड़ा मिला।

11 साल की उम्र में ही उक्त लड़की का बाल-विवाह हो गया था और उसी गाँव में उसका ससुराल भी है। वो बकरियाँ चराने के लिए बाहर निकली थी, तब ये घटना हुई। आरोपितों में से एक की उम्र 21 वर्ष और एक की उम्र 25 वर्ष है। उन्होंने नाबालिग के सिर पर वार कर के उसे बेहोश किया था। भट्ठी में से सिर और छाती के अधजले भाग निकाल कर नदी में फेंक दिए गए। इस घटना के बाद गुर्जर समाज में आक्रोश है। बड़ी संख्या में गुर्जर समुदाय के लोग कोटड़ी पहुँच रहे हैं।

भाजपा आलाकमान ने भी इस घटना को गंभीरता से लिया है और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष JP नड्डा ने सांसदों की एक समिति बनाई है, जो इस मामले की जाँच ग्राउंड पर जाकर करेगी। उधर गुर्जर समाज के लोग डीएम-एसपी को निलंबित करने की माँग कर रहे हैं। इलाके का घेराव करने के लिए राज्य भर से गुर्जर पहुँच रहे हैं। आरोपितों के परिजन और उनकी पत्नियाँ भी मृतका के शव को ठिकाने लगाने में लगे हुए थे।

Filed under Rajasthan

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.